Rohit Sharma Hospital: भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए तैयारी कर रहे हैं. वह टी20 और टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके हैं. रोहित ने आईपीएल के बाद अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है. खबरों की मानें तो उन्होंने 8 किलोग्राम वजन घटाया है. वह इस बार एशिया कप में नजर नहीं आएंगे. उन्होंने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था. एशिया कप के शुरू होने से पहले रोहित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे देखकर फैंस काफी परेशान हो गए हैं.
अस्पताल में जाते दिखे रोहित
रोहित शर्मा सोमवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में देखे गए. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में रोहित को अस्पताल में प्रवेश करते हुए देखा गया. पैपराजी ने उनसे कुछ सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से आगे बढ़ गए. रोहित के अस्पताल जाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. हालांकि, इस घटना से सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक चिंतित हो गए हैं. फैंस उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में पूरी तरह फिट देखना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: प्यार, झगड़ा और हत्या…चैंपियन प्लेयर की ‘डकैत’ गर्लफ्रेंड ने बेरहमी से ली जान, सदमे में खेल जगत
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद टीम इंडिया की जर्सी नहीं पहनी
रोहित पिछली बार चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत के लिए खेले थे. वहीं, उनका पिछला क्रिकेट मैच आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए था. रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले संन्यास ले लिया था. हाल ही में एक कार्यक्रम में रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर के कुछ पहलुओं पर बात की. उन्होंने कहा कि यह फॉर्मेट चुनौतीपूर्ण और थका देने वाला है, लेकिन उन्होंने तैयारी पर ध्यान केंद्रित करके इसकी मांगों का सामना करना सीखा. 38 वर्षीय रोहित ने 67 टेस्ट मैचों में 40.58 की औसत से 4301 रन बनाए.
ये भी पढ़ें: Asia Cup Prize Money: कितनी है एशिया कप की प्राइज मनी? इससे ज्यादा तो टीम इंडिया के सभी प्लेयर्स की IPL सैलरी
खेल में स्थिरता की जरूरत होती है: रोहित
एक पैनल चर्चा के दौरान बड़े पलों की तैयारी पर बोलते हुए रोहित ने कहा, ”यह कुछ ऐसा है जिसके लिए आप तैयारी करते हैं, क्योंकि खेल में स्थिरता की जरूरत होती है.” उन्होंने कहा कि खासकर टेस्ट फॉर्मेट में आपको पांच दिनों तक टिके रहना पड़ता है. मानसिक रूप से यह बहुत चुनौतीपूर्ण और थका देने वाला होता है, लेकिन सभी क्रिकेटर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलकर बड़े हुए हैं. रोहित ने कहा कि सभी युवा खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत में अच्छी तैयारी के महत्व को नहीं समझते हैं, लेकिन वे धीरे-धीरे इसके महत्व को सीखते हैं.