एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह, नए एसपी साईंकृष्ण एस।
मध्यप्रदेश में सोमवार देर रात बड़े पैमाने पर पुलिस महकमे में फेरबदल हुआ। गृह विभाग ने 30 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इनमें नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल जिलों के एसपी भी बदले गए हैं।
.
नर्मदापुरम एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह का तबादला रतलाम में सेनानी 24वीं वाहिनी विसबल, जावरा किया गया है। उनकी जगह अब पन्ना के एसपी साईंकृष्ण एस थोटा को नर्मदापुरम का नया एसपी बनाया गया है। 2014 बैच के आईपीएस थोटा अब जिले की कमान संभालेंगे।
बैतूल और हरदा में भी बदलाव
बैतूल एसपी निश्चल झारिया का तबादला सेनानी 5वीं वाहिनी मुरैना कर दिया गया है। श्योपुर एसपी वीरेंद्र जैन अब बैतूल के एसपी होंगे।
हरदा एसपी अभिनव चौकसे को भोपाल नगर पुलिस में उपायुक्त (जोन-3) बनाया गया है। उनकी जगह 2019 बैच के आईपीएस शशांक को हरदा का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
नर्मदापुरम एसपी रहे गुरकरन सिंह का रिकॉर्ड
डॉ. गुरकरन सिंह सितंबर 2021 से नर्मदापुरम में एसपी पद पर थे। उनके कार्यकाल में रेप के मामलों में तीन आरोपियों को फांसी की सजा दिलाई गई। इनमें केसला, सोहागपुर और सिवनी मालवा में बच्चियों से दुष्कर्म व हत्या के केस शामिल हैं।
इसके अलावा मार्च 2022 में पचमढ़ी मंथन शिविर, जून 2025 में कैबिनेट बैठक और विधायक–सांसद प्रशिक्षण सम्मेलन जैसे बड़े आयोजन भी उनके कार्यकाल में जिले में हुए। साथ ही लोकसभा, विधानसभा, नगर पालिका और पंचायत चुनाव भी उनके नेतृत्व में संपन्न हुए।