इंदौर के खजराना क्षेत्र में अनवर कादरी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में अनवर के साथ छह अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। आरोप है कि अनवर और उसके साथियों ने मिलकर जौहरा बी नाम की महिल
.
खजराना पुलिस ने जौहरा बी नाम की महिला की शिकायत पर समीना बी उर्फ किरण, अनवर खान उर्फ कादरी, साजिद खान, मोहम्मद फारुख, सईद मोहम्मद, शादाब खान और जहूर मोहम्मद को आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार, जौहरा बी ने बताया कि उसकी किराएदार समीना बी उर्फ किरण ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी मुख्तयारनामा तैयार कराया। इसके आधार पर अनवर ने 1 नवंबर 2006 को संपत्ति की रजिस्ट्री करा ली। इस साजिश में पांच अन्य लोग भी शामिल थे और बाद में संपत्ति किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई।
जौहरा बी ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्तमान में विवादित घर में तब्बुसबी नाम की महिला रहती है, जिसने उसमें किरायेदार रखे हुए हैं। जौहरा बी के अनुसार, यह मकान उसके माता-पिता का था, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उस समय समीना बी उर्फ किरण वहां किराए से रह रही थी।
जौहरा बी ने बताया कि शादी के बाद वह लंबे समय तक उस मकान पर नहीं जा सकी। इसी दौरान आरोपियों ने अलमारी से संपत्ति के मूल दस्तावेज निकाल लिए और उन्हीं के आधार पर फर्जी कागजात तैयार कर लिए। इस पूरे मामले की साजिश अनवर कादरी ने रची थी।
महिला का कहना है कि वह कई वर्षों से इस मामले की शिकायत पुलिस में कर रही थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। आखिरकार अनवर कादरी के खिलाफ लगातार हो रही शिकायतों और महिला की अपील पर कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।