ट्रैक्टर में जोड़ दें ये मशीन, चुटकी बजाने जैसा होगा… खेत में खाद डालने का काम, सरकार दे रही अनुदान

ट्रैक्टर में जोड़ दें ये मशीन, चुटकी बजाने जैसा होगा… खेत में खाद डालने का काम, सरकार दे रही अनुदान


Agri Tips: खेती-किसानी में सबसे मुश्किल कामों में से एक है खाद को खेतों में समान रूप से फैलाना. कई बार किसान घंटों मेहनत करने के बाद भी सही तरीके से उर्वरक नहीं डाल पाते जिससे फसल पर असर पड़ता है. लेकिन, अब किसानों के लिए यह झंझट खत्म हो सकता है. अगर वो अपने खेतों में फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर मशीन का इस्तेमाल शुरू कर दें. यह मशीन ट्रैक्टर से जुड़कर खेत में आसानी से और समान रूप से खाद फैलाती है जिससे समय, श्रम और लागत तीनों की बचत होती है.

कितनी मिलेगी सब्सिडी और किसे होगा फायदा?
लोकल 18 से बातचीत में सतना के कृषि संभागीय यंत्री शरद कुमार नरनवरे ने बताया कि सरकार की इस योजना में अलग-अलग वर्ग के किसानों को अलग अनुदान दिया जा रहा है. एससी और एसटी वर्ग के किसानों को मशीन पर अधिकतम 50% तक का अनुदान मिलेगा, जबकि ओबीसी, सामान्य और अन्य वर्ग के किसानों को 40% तक का अनुदान दिया जाएगा.

कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के तहत ट्रैक्टर चलित कृषि यंत्र खरीदने वाले सभी किसान आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, शर्त है कि किसान के नाम पर पहले से ट्रैक्टर होना चाहिए. उसने पिछले पांच वर्षों में इस योजना के तहत किसी भी कृषि यंत्र पर सब्सिडी नहीं ली हो.

मशीन की कीमत और मॉडल
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर मशीन की कीमत बाजार में अलग-अलग ब्रांड और मॉडल पर निर्भर करती है. इसमें हाई-टेक ट्रैक्टर्स का ब्रॉडकास्टर 16,500-20,000 रुपये में उपलब्ध है. शक्तिमान कॉनिकल ब्रॉडकास्टर की कीमत 35,000 से 40,000 रुपये है. स्टेनलेस स्टील ट्रैक्टर ऑपरेटेड ब्रॉडकास्टर 39,000 से 45,000 रुपये तक मिलता है. वहीं, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेडर की कीमत 25,000 से 35,000 रुपये के बीच है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 5500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) बनवाना होगा और आवेदन के समय अपलोड करना होगा. इसके साथ ही कुछ दस्तावेज अनिवार्य होंगे जिसमे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, बी-1 की प्रति, बिजली कनेक्शन प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर शामिल है.

चयन कैसे होगा?
कृषि विभाग समय-समय पर टारगेट जारी करता है और आवेदन करने वाले किसानों में लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाता है. यानी हर किसान को मौका मिलेगा लेकिन चयन किसका होगा यह लॉटरी पर निर्भर करता है. यह योजना किसानों के लिए खेती को आसान बनाने और आधुनिक तकनीक से जुड़ने का सुनहरा अवसर है, जो किसान समय और श्रम बचाते हुए उत्पादन बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर मशीन एक कारगर विकल्प साबित हो सकती है.



Source link