राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को सतत कृषि विकास योजना के तहत किसानों की फसल देखी। वे सारंगपुर और ब्यावरा के तलेनी, मगराना, चतरुखेड़ी, भूरा और बाईहेड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सोयाबीन की फसल की स्थिति जानी।
.
निरीक्षण में पाया गया कि खेतों में पानी जमा होने से फसल पीली हो रही है और यलो मोजेक बीमारी फैल रही है। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि खेतों से पानी तुरंत निकालें। उन्होंने बोनी-मेड नाली पद्धति अपनाने और रोग-रोधी बीज जैसे आरवीएस-24, आरवीएस-18 और जेएस-2098 लगाने की सलाह दी।
कलेक्टर ने किसानों को बताया कि अगर बारिश से फसल खराब हुई है, तो उसकी जानकारी कृषि रक्षक पोर्टल पर दर्ज करें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल किया जा सकता है। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और स्थानीय प्रशासन के लोग भी साथ थे। उन्होंने किसानों को सही खेती के तरीके और तकनीकी जानकारी दी।
प्रशासन का यह प्रयास किसानों को नुकसान से बचाने और अच्छी पैदावार दिलाने में मदद करेगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और उनकी दिक्कतें भी जल्दी हल होंगी।