India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 टूर्नामेंट का महामुकाबला कल यानी रविवार 14 सितंबर को खेला जाएगा. यह मैच दुबई में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच इसलिए भी बेहद खास बन जाता है, क्योंकि दोनों टीमें केवल ICC या ACC टूर्नामेंट्स में ही एक-दूसरे से भिड़ती हैं. साल 2012 के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के कारण कोई भी बाइलेट्रल क्रिकेट सीरीज नहीं खेली गई है. क्रिकेट के मैदान पर भारत कई मौकों पर पाकिस्तान को उसकी औकात दिखा चुका है. आइए एक नजर डालते हैं उन 4 यादगार मैचों पर जब भारत ने पाकिस्तान की सारी हेकड़ी निकाल दी थी.
1. 2010 एशिया कप मैच
19 जून 2010 को भारत और पाकिस्तान के बीच श्रीलंका के दाम्बुला में एक यादगार मैच खेला गया. भारत ने इस मैच में कुछ ऐसा किया जिससे पाकिस्तान टूटकर बिखर गया. पाकिस्तान ने इस मैच में भारत को जीत के लिए 268 रनों का टारगेट दिया था. यह मैच अंत में बहुत रोमांचक और आक्रामक बन गया. इस मैच के दौरान एक ऐसा मौका आया जब भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन बनाने थे. इसी बीच शोएब अख्तर और हरभजन सिंह के बीच मैदान पर जमकर बहस शुरु हो गई. हरभजन सिंह ने इसके बाद आखिरी ओवर में मोहम्मद आमिर की गेंद पर छक्का जड़कर भारत को जीत दिला दी. जीत दिलाने के बाद हरभजन सिंह ने शोएब अख्तर को भी अपना आक्रामक रूप दिखाया. भारत ने यह मैच 3 विकेट से जीत लिया.
2. 1999 वनडे वर्ल्ड कप मैच
1999 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन इंग्लैंड में हुआ. भारत और पाकिस्तान के बीच इस दौरान करगिल का युद्ध चल रहा था. 8 जून 1999 को भारत ने पाकिस्तान को इस वर्ल्ड कप मैच में 47 रनों से धूल चटा दी थी. भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और छह विकट खोकर 227 रन बनाए. राहुल द्रविड़ ने टीम की ओर से सबसे अधिक 61 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम महज 180 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान की ओर से इंजमाम उल हक ने 41 रन बनाए. ‘मैन ऑफ द मैच’ वेंकटेश प्रसाद को मिला, जिन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट चटकाए थे. भारत ने यह मैच जीतकर अपने सैनिकों को जीत का तोहफा दिया.
3. 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल
भारत ने पाकिस्तान को 2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में 5 रन से मात देकर खिताब पर कब्जा किया था. भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 157/5 का स्कोर बनाया. गौतम गंभीर ने 54 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी. रोहित शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए. पाकिस्तान की टीम जवाब में 20 ओवर में 152 रन पर ढेर हो गई और भारत ने यह मैच जीतकर टी20 वर्ल्ड कप 2007 की ट्रॉफी जीत ली.
4. 2011 वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल
2011 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ, जहां मेजबान टीम ने 29 रनों से जीत दर्ज की. मोहाली में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 260 रन बनाए. पाकिस्तान की टीम जवाब में 231 रनों पर ही ढेर हो गई. इस मुकाबले में भी सचिन तेंदुलकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रनों की पारी खेली और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को उसकी औकात दिखा दी.