बुजुर्ग शिवलाल पांचे घर से खेत के लिए निकले थे।
बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र के गांव खोड़सिवनी में एक बुजुर्ग का शव कुएं में मिला। बुजुर्ग की पहचान शिवलाल पांचे (75) के रूप में हुई है। वह रविवार दोपहर 1 बजे घर से खेत जाने के लिए निकले थे।
.
जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजने खेत पहुंचे। कुएं के पास उनका गमछा और लकड़ी मिली। इससे आशंका हुई कि वे कुएं में गिर गए हैं। परिजनों ने तुरंत हट्टा पुलिस को सूचना दी।
कुएं का पानी खाली पर मिला बुजुर्ग का शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं का पानी खाली करवाया। इसके बाद शिवलाल का शव दिखाई दिया। शव को रस्सी में बांधी गई खाट के सहारे बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।
मेढ़ पर बैठते समय असंतुलित होकर गिरने की आशंका
खोड़सिवनी के सरपंच पीतमलाल पांचे ने घटना की पुष्टि की। हट्टा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुएं की मेढ़ पर बैठते समय असंतुलित होकर शिवलाल कुएं में गिर गए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।