विजय चाट की ‘नारियल पेटीज’ की ऐसी दीवानगी, कूरियर से भेजते हैं अमेरिका तक

विजय चाट की ‘नारियल पेटीज’ की ऐसी दीवानगी, कूरियर से भेजते हैं अमेरिका तक


Last Updated:

Indore Food: आपने आलू, पनीर और अंडा पेटीज का नाम सुना होगा, खाई भी होंगी लेकिन इंदौर के विजय चाट पर आपको स्पेशल नारियल पेटीज मिलती है. इसे इमली और धनिया की चटनी के साथ सर्व किया जाता है.

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में राजवाड़ा गए और विजय चाट पर नाश्ता नहीं किया, तो क्या किया. यह हम नहीं कह रहे बल्कि ऐसा कहते हैं इंदौर के लोग. इंदौर के बारे में यह बात तो सभी को पता है कि यह स्वाद पसंद शहर है. यहां कदम-कदम पर आपको खाने की दुकानें मिल जाएंगी. आज‌ हम आपको बताते हैं राजवाड़ा में नाश्ते के लिए मशहूर दुकान विजय चाट के बारे में, जो न केवल अपने स्वाद के लिए बल्कि खाने के साथ‌-साथ अपने प्रयोगों के लिए भी पहचानी जाती है. चाट ही नहीं बल्कि यहां की खासियत नारियल पेटीज भी बेहद लजीज है. आप हैरान रह जाएंगे कि इस पेटीज के दीवाने अमेरिका तक हैं. लोग अपने परिचितों और रिश्तेदारों को कूरियर के माध्यम से पेटीज अमेरिका तक भेजते हैं.

विजय चाट के मालिक कश्यप ठाकुर ने लोकल 18 को बताया कि 1969 में जब उनके दादाजी, पिताजी और बड़े पापा गुजरात से इंदौर आए, उस वक्त यहां पर सर्राफा बाजार में एक छोटा सा खाने का बाजार लगता था. यहीं पर उन्होंने एक दुकान किराये पर ली और अपना काम शुरू किया. शुरुआत में ग्राहकों की उतनी प्रतिक्रिया नहीं मिली लेकिन कुछ महीनों बाद ही लोगों को यहां के नाश्ते का स्वाद पसंद आने लगा. कुछ साल बाद सर्राफा बाजार के एंट्री गेट पर उन्होंने एक दुकान ली, जहां आज का विजय चाट स्थित है.

नारियल पेटीज की सबसे ज्यादा डिमांड
आपने आलू, अंडा और पनीर पेटीज का नाम सुना होगा, खाई भी होंगी लेकिन विजय चाट पर आपको स्पेशल नारियल पेटीज मिलती है, जिसे धनिया और इमली की चटनी के साथ परोसा जाता है. ऐसी पेटीज आपने कहीं नहीं खाई होगी. उन्होंने बताया कि विजय चाट पर सबसे ज्यादा डिमांड नारियल पेटीज की रहती है. इसकी कीमत 22 रुपये है. लोग अमेरिका तक उनकी पेटीज भेजते हैं. इसके लिए वह 800 रुपये का एक बॉक्स तैयार करते हैं, जिसमें 15 पेटीज होती हैं. इसके अलावा आपको यहां तला हुआ खमंड मिल जाएगा, जो अपने आप में अनोखा है. मूंग वड़ा हो या कचौड़ी-समोसे, आपको हर चीज में यहां अलग स्वाद मिलेगा. यहां आपको तेल का घान हमेशा चालू मिलेगा. कश्यप ठाकुर कहते हैं कि जब हम घर पर रोटी तुरंत बनी हुई खाते हैं, तो उसका आनंद और स्वाद अलग ही होता है, इसीलिए हमारा संकल्प है कि हम हर आइटम आपको एकदम गरमागरम ही परोसें.

जनता को पसंद आया प्रयोग
इंदौर में किसी भी अच्छी डिश को हाथों-हाथ जनता का समर्थन मिलता है. विजय‌ चाट को इसका भरपूर फायदा मिला. ठाकुर परिवार गुजरात से आता है और उनका मानना है कि गुजरात का हल्का सा मीठा टच और मालवा का नमकीन और तीखे का प्रयोग, जनता को खूब भाया. उनके सारे प्रयोगों की जनता में भारी डिमांड रहती है. जो डिश उन्होंने इंदौर में पहली बार शुरू की थी, आज वह हर जगह मिलने लगी हैं‌.

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

न्यूज़18 हिंदी को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
homemadhya-pradesh

विजय चाट की ‘नारियल पेटीज’ की ऐसी दीवानगी, कूरियर से भेजते हैं अमेरिका तक



Source link