‘संजा तू थारा घर जा’, ‘छोटी सी गाड़ी लुढ़कती जाय’: बड़वानी में महिलाओं ने गाये गीत, संजा माता का लोक पर्व मनाया – Barwani News

‘संजा तू थारा घर जा’, ‘छोटी सी गाड़ी लुढ़कती जाय’:  बड़वानी में महिलाओं ने गाये गीत, संजा माता का लोक पर्व मनाया – Barwani News


नगर में समूह बनाकर नन्ही बालिकाओं में यह पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।

बड़वानी के अंजड नगर की श्री खाटूश्याम कॉलोनी में पितृपक्ष के दौरान संजा माता का लोक पर्व मनाया जा रहा है। कॉलोनी की बालिकाएं और महिलाएं प्रतिदिन शाम को पूजा-अर्चना और आरती के साथ सामूहिक रूप से संजा माता के पारंपरिक गीत गा रही हैं।

.

आज रविवार रात को भी महिलाओं ने गीत गाये। कॉलोनी में ‘संजा तू थारा घर जा’ और ‘छोटी सी गाड़ी लुढ़कती जाय’ जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दी।

खाटूश्याम कॉलोनी निवासी सोनू बंसल और चित्रा सेंगर के अनुसार, इस त्योहार में बालिकाएं गाय के गोबर और फूलों से रोज अलग-अलग धार्मिक आकृतियां बनाती हैं। इनमें गणेश, चांद-सूरज, देवी-देवता, कतरयो पान, लाडू, घेवर, केले का झाड़, मोर-मोरनी और किलाकोट शामिल हैं।

पर्व से जुड़ी ये है मान्यता

बालिकाएं विधि, निशि, कन्नू, आस्था, पावनी और सलोनी ने बताया कि प्रसाद वितरण की एक अनोखी परंपरा है। आरती के बाद हर घर से अलग-अलग प्रकार का प्रसाद लाया जाता है। प्रसाद को छिपाकर रखा जाता है और उसके बारे में पूछा जाता है। सही जवाब मिलने पर ही प्रसाद का वितरण किया जाता है।

यह पर्व निमाड़ और मालवा क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। आधुनिक युग में जहां यह परंपरा कहीं खोती जा रही है, वहीं नगर के कुछ हिस्सों में अभी भी इसे पूरे उत्साह से मनाया जा रहा है।



Source link