टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तूफानी बैटिंग से कई बल्लेबाजों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं, लेकिन हाल ही में एक ऐसा कीर्तिमान बना, जिसके कल्पना करना भी बेहद मुश्किल है. दरअसल, यह रिकॉर्ड इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 12 सितंबर, 2025 को खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 इंटरनेशनल में बना. इसी मुकाबले में इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर 300 रन का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी नाम किया. इंग्लैंड बतौर टेस्ट प्लेइंग नेशन टी20 इंटरनेशनल इतिहास में 300 रन का टोटल बोर्ड पर लगाने वाली पहली टीम बनी.
बटलर-साल्ट ने मचाया तूफान
इस मुकाबले में इंग्लैंड के ओपनर जोस बटलर और फिल साल्ट ने तूफानी बैटिंग से साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. इंग्लैंड ने 304 रन का विशाल स्कोर बोर्ड पर लगाया. इस विशाल स्कोर के पीछे हाथ बटलर और साल्ट का ही था. हालांकि, बटलर शतक नहीं ठोक पाए और 30 गेंदों में 83 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 7 छक्के और 8 चौके लगाए. उनके साथी साल्ट ने खतरनाक अंदाज में बैटिंग करते हुए 60 गेंदों में 141 रन की नाबाद आतिशी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. इन दोनों की पारियों के दम पर इंग्लैंड ने मुकाबले को 146 रन से जीत लिया. यह सिर्फ इंग्लैंड के लिए एक जीत नहीं थी, बल्कि टीम ने कई रिकॉर्ड भी नाम कर लिए, जिसमें सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी शामिल है.
T20I में बना सबसे तेज ‘दोहरा शतक’ ठोकने वाली टीम
दअरसल, इंग्लैंड ने इस मुकाबले में बतौर टेस्ट प्लेइंग नेशन टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे तेज 200 रन पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया. इंग्लैंड ने सिर्फ 73 गेंदों (12.1 ओवर) में यह दोहरा शतक पूरा किया, जिससे जिम्बाब्वे के नाम दर्ज पिछला रिकॉर्ड ध्वस्त हुआ. जिम्बाब्वे ने 2024 में गाम्बिया नैरोबी के खिलाफ 12.5 ओवर (77 गेंद) में 200 रन बोर्ड लगाकर कीर्तिमान बनाया था. हालांकि, बुल्गारिया टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे दोहरा शतक लगाने वाली टीम है, जिसने 67 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास रचा, लेकिन वह टेस्ट प्लेइंग नेशन नहीं है.
शुरुआती 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड
इंग्लैंड ने इस मैच में टी20 इंटरनेशनल मैच के शुरुआती 10 ओवरों में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी बनाया. इंग्लैंड ने 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 166 रन बोर्ड पर लगाए. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिसने 2024 में स्कॉटलैंड के खिलाफ एक टी20 इंटरनेशनल मैच में शुरुआती 10 ओवर में 156 रन बोर्ड पर लगा दिए थे. भारत इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है. भारत ने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ एक मैच में 152 रन ठोक दिए थे.