भारत ने एशिया कप 2025 के छठे मुकाबले में पाकिस्तान को बड़ी ही आसानी से शिकस्त दे दी. पाकिस्तान को 127 रन पर रोकने के बाद भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. दुबई इंटरेनशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी थी. लाइव एक्शन से ठीक पहले दोनों टीमों का नेशनल एंथम हुआ. चूंकि, पाकिस्तान ने टॉस जीता ऐसे में उनका नेशनल एंथम पहले हुआ, लेकिन इसकी शुरुआत के वक्त कुछ ऐसा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया.
नेशनल एंथम की जगह बजा दिया ‘Jalebi Baby’
दरअसल, दोनों टीमें राष्ट्रगान के लिए तैयार थीं और मैदान में खड़ी थीं. लेकिन डीजे ने गलती से पाकिस्तान के राष्ट्रगान की बजाय एक पॉप सॉन्ग ‘Jalebi Baby’ बजा दिया. पाकिस्तान का राष्ट्रगान शुरू होने से कुछ सेकंड पहले के लिए यह गाना बजा. ऐसा होता देख पाकिस्तानी खिलाड़ी हैरान दिखे, लेकिन जब राष्ट्रगान बजा तो तुरंत अपना ध्यान अपने राष्ट्रगान पर केंद्रित कर लिया. इसका वीडियो वायरल होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की खिल्ली उड़ाना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर फैंस ने मीम्स और कमेंट्स की बाढ़ कर दी.
— (@ImHvardhan21) September 14, 2025
शुरुआत में ही लड़खड़ाया पाकिस्तान
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत की घातक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस के समय कहा था कि वे रन बनाना चाहते हैं, लेकिन जब उनकी टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो पहली गेंद से ही बैकफुट पर दिखी. गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हार्दिक पांड्या ने पहली गेंद वाइड फेंकी थी. लेकिन, पहली वैध गेंद पर सैम अयूब जसप्रीत बुमराह को कैच दे बैठे. इसके बाद भारतीय गेंदबाज पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. दूसरा विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया.
भारतीय तिकड़ी के आगे किया सरेंडर
इसके बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर भारतीय स्पिनर्स का खौफ दिखा. पाकिस्तानी बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स की गेंद को समझ नहीं पा रहे थे. कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की तिकड़ी के सामने पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन बना सकी. पाकिस्तान 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाती अगर नौंवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए शाहीन अफरीदी ने 16 गेंद पर 4 छक्के लगाते हुए नाबाद 33 रनों की पारी खेली होती. इसके अलावा साहिबजादा फरहान ने 44 गेंद पर 40 रन बनाए. भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट लिए. अक्षर पटेल ने 2 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह ने भी 2 विकेट चटकाए. वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिला.