India vs Australia 3rd T20I: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में आखिरकार उस खिलाड़ी की टीम इंडिया में वापसी हो गई, जिसका सबको इंतजार था. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद बताया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस मैच में खेल रहे हैं. टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को लगातार बाहर रखे जाने पर सवाल उठ रहे थे. सोशल मीडिया पर कोच गौतम गंभीर की रणनीतियों का मजाक उड़ाया जा रहा था.
आखिरकार मिल गया मौका
अर्शदीप को आखिरकर लंबे समय तक इंतजार करने के बाद प्लेइंग-11 में शामिल कर ही लिया गया. तेज गेंदबाज हर्षित राणा को बाहर किया गया. हर्षित ने प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे थे. इस कारम फैंस का गुस्सा और ज्यादा बढ़ रहा था. अब टीम ने सीरीज के अहम मुकाबले में अपने नंबर-1 गेंदबाज को वापस बुला लिया. अर्शदीप ने भी निराश नहीं किया और यह दिखा दिया कि वह क्यों टी20 इंटरनेशनल में देश के शीर्ष गेंदबाज हैं.
ये भी पढ़ें: भारत के 2 बदनसीब क्रिकेटर… आखिरी वनडे में लिया 5 विकेट, फिर कभी नहीं मिली प्लेइंग-11 में एंट्री
पहले ही ओवर में हेड को किया आउट
अर्शदीप ने मैच के पहले ही ओवर में टीम इंडिया को सफलता दिला दी. उन्होंने खूंखार बल्लेबज ट्रैविस हेड का शिकार कर लिया. हेड 4 गेंद पर 6 रन बनाकर सूर्यकुमार को कैच दे बैठे. इसके बाद अर्शदीप ने अपने दूसरे ओवर में जोश इंग्लिश को अक्षर पटेल को हाथों कैच कराया. इंग्लिश 7 गेंद पर 1 रन बनाकर आउट हुए. अर्शदीप इसके बाद जब डेथ ओवरों में गेंदबाजी के लिए आए तो उनके सामने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे मार्कस स्टोइनिस थे.
अर्शदीप ने दिया करारा जवाब
स्टोइनिस तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे. अर्शदीप ने उनका शिकार कर लिया. उन्हें रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया. रिंकू इस मैच की प्लेइंग-11 में नहीं थे. उन्हें किसी अन्य खिलाड़ी की जगह फील्डिंग के लिए उतारा गया था. अर्शदीप ने अपने 4 ओवरों में 3 विकेट लेकर आलोचकों को करारा जवाब दिया. इसके अलावा उन्होंने टीम मैनेजमेंट को भी इशारों-इशारों में बता दिया कि वह टीम को प्रमुख गेंदबाज हैं और उन्हें प्लेइंग-11 में रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें: राजनीति का शिकार हुआ ये स्टार खिलाड़ी? ओपनिंग से नंबर-5 पर आते-आते टीम से ही हो गया बाहर
डेविड और स्टोइनिस की तूफानी पारियां
ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवरों में 6 विकेट पर 186 रन बनाए. टिम डेविड ने 38 गेंदों पर 74 रन की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 5 छक्के निकले. स्टोइनिस ने 39 गेंदों पर 64 रनों का योगदान दिया. मैथ्यू शॉर्ट ने 15 गेंद पर 26 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप के अलावा वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट झटके. शिवम दुबे को एक सफलता मिली. जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में 26 रन दिए. वह एक भी विकेट नहीं ले पाए.