Last Updated:
Education Loan: अब होनहार छात्रों की पढ़ाई पैसों की कमी से नहीं रुकेगी. केंद्र सरकार ने पीएम विद्यालक्ष्मी योजना 2024 शुरू की है, जिसके तहत देश के चुनिंदा संस्थानों में एडमिशन लेने वाले छात्रों को बिना गारंटी और बेहद सस्ती दर पर एजुकेशन लोन मिलेगा.
पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के तहत 12वीं पास या इस साल परीक्षा देने वाले छात्र, यदि देश के प्रीमियम संस्थानों में दाखिला लेते हैं तो उन्हें बिना कोलेट्रल शिक्षा लोन मिल सकेगा. आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, ताकि छात्रों को लंबी औपचारिकताओं से न गुजरना पड़े.

परिवार की वार्षिक आय के आधार पर इस योजना में अलग-अलग लाभ मिलेंगे. जिनकी आय 4.5 लाख रुपए तक है, उनके पूरे लोन का ब्याज सरकार चुकाएगी. वहीं, 4.5 से 8 लाख आय वाले परिवारों को 10 लाख तक के लोन पर 3% ब्याज अनुदान मिलेगा.

लोन लेने वाले छात्रों को मोरेटोरियम पीरियड भी दिया जाएगा, यानी पढ़ाई की पूरी अवधि और कोर्स पूरा होने के बाद एक साल तक उन्हें कोई किस्त नहीं भरनी होगी. इससे छात्रों को नौकरी मिलने और आर्थिक रूप से मजबूत होने तक राहत मिलेगी.

योजना पूरे देश के 902 प्रीमियम संस्थानों में लागू है. इनमें 427 केंद्र सरकार, 230 राज्य सरकार और 245 निजी यूनिवर्सिटी/कॉलेज शामिल हैं. ये सभी संस्थान उच्च शिक्षा के लिए जाने-माने हैं और यहां एडमिशन लेने पर छात्रों को लोन का लाभ मिलेगा.

मध्य प्रदेश में कुल 21 संस्थान इस योजना से जुड़े हैं. इनमें 19 केंद्र सरकार और 2 राज्य सरकार के संस्थान शामिल हैं. इनमें एम्स भोपाल, आईआईटी इंदौर, मैनिट भोपाल, आईसर भोपाल, एनएलआईयू भोपाल और देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी इंदौर आदि शामिल हैं.

मध्य प्रदेश में मेडिकल के लिए एम्स भोपाल, इंजीनियरिंग/टेक्निकल के लिए आईआईटी इंदौर, मैनिट भोपाल, मिलेट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन मऊ, मैनेजमेंट में आईआईएफ इंदौर, साइंस/लॉ/टेक्नोलॉजी में आईसर भोपाल, एबीवी-आईआईआईटीएम ग्वालियर, एनएलआईयू भोपाल, आईआईआईटीडीएम जबलपुर प्रसिद्ध है.

क्रिएटिव/डिजाइन के लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल, एफडीडीआई गुना, खेल के लिए लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर प्रदेश के बेहतरीन संस्था माने जाते है.

योजना का नोडल बैंक कैनरा बैंक है. आवेदन के लिए छात्रों को https://pmvidyalaxmi.co.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। संस्थानों की पूरी सूची शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट https://dashboard.aishe.gov.in पर उपलब्ध है.