घटना के बाद पुलिस घटना स्थल पर जांच करते हुए।
ग्वालियर में पिंटो पार्क क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में स्कूल के पुराने विवाद को लेकर दो युवकों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने छात्र को जमीन पर पटक-पटक कर इतना पीटा कि उसका सिर फट गया।
.
मारपीट होते देख आस-पास खड़े लोगों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया। घटना गोला का मंदिर थाना इलाके में सोमवार शाम की है। पुलिस ने घायल का इलाज कराने के बाद रात को मामला दर्ज किया है। फिलहाल हमलावर फरार बताए गए हैं।
शहर के पिंटो पार्क सैनिक कॉलोनी निवासी हर्षवर्धन सिंह पुत्र धर्मवीर सिंह यादव रीजल कॉन्वेंट स्कूल का छात्र रहा है। अब वह ग्रेजुएशन कर रहा है। भिंड के गोहद निवासी बलराज पन्नू व हैप्पी पन्नू से उसकी स्कूल के समय से रंजिश चली आ रही है।
सोमवार शाम को जब पिंटो पार्क इलाके में स्कूल के पास हर्षवर्धन सिंह खड़ा था, तभी बलराज और हैप्पी भिंड रोड की ओर से वहां पहुंचे। यहां स्कूल में हुई किसी बात को लेकर दोनों में पक्षों में बहस होने लगी। इसी बहस के बाद दोनों भाइयों बलराज और हैप्पी ने हर्षवर्धन सिंह के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। दोनों ने हर्षवर्धन को जमीन पर पटक दिया जिससे सिर से खून बहने लगा और हाथ-पैर भी बुरी तरह से छिल गए।
आसपास के लोगों ने बचाया
पास ही एक आटा चक्की के पास खड़े कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए। हर्षवर्धन गोला का मंदिर थाने पहुंचा उसकी हालत देखते हुए पुलिस उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गई, वहां उसका मेडिकल कराया गया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने बलराज पन्नू तथा हैप्पी पन्नू के खिलाफ मामला कायम कर लिया है।
इस मामले में गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा का कहना है कि छात्र से मारपीट करने वालों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।