प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 75वीं जन्मतिथि पर बुधवार को छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत की गई। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर केंद्रित इस अभियान में जिले भर से बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
.
कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ की।
इन बीमारियों की हुई जांच
ब्लड प्रेशर, शुगर, एनीमिया, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, ईएनटी संबंधी रोग और आंखों की जांच की गई। साथ ही बढ़ते मोटापे की समस्या पर भी जागरूकता फैलाई गई। महिलाओं व किशोरियों की विशेष स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी गई।

शिविर में जाकर प्रभारी मंत्री ने ली जानकारी।
रक्तदान शिविर का आयोजन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदान में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर भी लगाया गया। मंच से लोगों को रक्तदान करने और स्वास्थ्य जांच में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान खराब स्क्रीन से छात्र दिखे परेशान।
प्रभारी मंत्री और सांसद ने कही ये बातें
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा, “स्वस्थ रहना जरूरी है। महिलाओं का स्वास्थ्य देश के विकास की आधारशिला है। प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि देश स्वस्थ बने और इसके लिए महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना होगा।”

प्रभारी मंत्री का स्वागत करने खड़े छात्र और गड्ढे में भरा पानी।
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास को लेकर लगातार कार्य हो रहे हैं। इसी श्रृंखला में जन्मदिन के अवसर पर महिलाओं के लिए यह विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया है।”

कलेक्टर प्रभारी मंत्री का स्वागत करते हुए।
कमियां भी आईं सामने
कार्यक्रम के लिए लगाए गए दो स्क्रीन में से एक खराब हो गया। इससे छात्रों को प्रधानमंत्री का भाषण सही तरीके से नहीं देख पाया। वहीं, लगातार बारिश के चलते दशहरा मैदान में गड्ढों में पानी भर गया, लेकिन प्रशासन समय पर इन्हें नहीं भर सका। मंत्री के काफिले के पहुंचते समय छात्र पानी से बचते हुए मंच तक पहुंचे।

कुर्सी के लिए परेशान नजर आए नेता।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह, नगर निगम महापौर विक्रम अहके, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।