T20I Rankings Varun Chakravarthy: आईसीसी ने बुधवार (17 सितंबर) को गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है. भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अब दुनिया के नंबर 1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं. एशिया कप के दौरान आईसीसी ने उन्हें बड़ी खुशखबरी दी है. भारत ने यूएई के बाद पाकिस्तान को बुरी तरह हराया है. अब लीग राउंड के आखिरी मुकाबले में उसका सामना ओमान से होगा. टीम इंडिया ने एशिया कप के सुपर-4 में अपना स्थान पक्का कर लिया है.
टॉप-5 में कौन-कौन?
वरुण तीन पायदान ऊपर चढ़कर न्यूजीलैंड जेकब डफी को शीर्ष स्थान से हटाने में कामयाब रहे. रैंकिंग जेकब डफी दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन तीसरे नंबर पर बने हुए हैं. ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा और इंग्लैंड के आदिल राशिद क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं.
नंबर-1 बनने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज
इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वरुण की लगातार बेहतरीन गेंदबाजी ने वरुण को शीर्ष पर पहुंचाया है. वह आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं. उनसे पहले जसप्रीत बुमराह और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई यह मुकाम हासिल कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: Asia Cup: सूर्यकुमार यादव-गौतम गंभीर के सामने आ गई पाकिस्तानी टीम, ट्रेनिंग ग्राउंड पर आमने-सामने, फिर क्या हुआ?
गौतम गंभीर के आने के बाद मिली पहचान
गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद वरुण चक्रवर्ती को लगातार मौका मिल रहे हैं. गंभीर की कोचिंग में वह भारतीय टी20 टीम के अहम सदस्य बन गए हैं. भारत के 2021 टी20 वर्ल्ड कप अभियान के बाद वरुण को टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन टीम में अपनी दूसरी पारी में उन्होंने जबरदस्त सफलता हासिल की है. 34 वर्षीय इस खिलाड़ी ने कई शानदार प्रदर्शनों के साथ अपनी क्लास दिखाई है. इसने उन्हें न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जेकब डफी से आगे निकलने में मदद की.
वरुण का 2025 में शानदार प्रदर्शन
वरुण के लिए 2025 अब तक एक शानदार साल रहा है. साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में वरुण ने 14 विकेट लेकर मेजबान टीम को इंग्लैंड पर जीत दिलाने में मदद की. एशिया कप में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. उन्होंने यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों में दो विकेट लिए हैं. यूएई के खिलाफ भारत के टूर्नामेंट के पहले मैच में वरुण ने 1/4 का शानदार प्रदर्शन किया और चार दिन बाद पाकिस्तान पर शानदार जीत में चार ओवरों में 1/24 के साथ भी वह प्रभावी रहे.