भारत का एक खूंखार तेज गेंदबाज ऐसा है, जिसका इंटरनेशनल करियर महज 34 मैच खेलकर ही खत्म हो गया. ये घातक तेज गेंदबाज भारतीय टीम के लिए 2 वर्ल्ड कप भी खेल चुका है, लेकिन समय से पहले ही उसका करियर खत्म हो गया. किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि इस तेज गेंदबाज का करियर यूं गुमनामी में खत्म हो जाएगा. अगर इस तेज गेंदबाज को और भी ज्यादा मौके मिले होते तो आज ये जसप्रीत बुमराह से भी कई गुना खतरनाक बॉलर बन जाता. इस गेंदबाज की हाइट 5 फीट 11 इंच और रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा रही हैं.
34 इंटरनेशनल मैच खेलकर करियर खत्म
भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने अपना इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू साल 2013 में किया था. मोहित शर्मा भारतीय टीम के लिए अपने शुरुआती करियर में काफी अच्छी गति के साथ गेंदबाजी कर रहे थे. वह अपनी स्विंग और स्लोअर गेंदबाजी से बल्लेबाजों को काफी परेशान कर रहे थे. मोहित शर्मा ने भारतीय टीम के लिए साल 2015 के वर्ल्ड कप में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन वर्ल्ड कप 2015 के बाद लगातार उनकी गेंदबाजी में गिरावट आने लगी और इसका नतीजा यह हुआ कि वह भारतीय टीम से बाहर हो गए. मोहित शर्मा ने भारतीय टीम के लिए 26 वनडे मैच और 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं.
भारत के लिए दो वर्ल्ड कप भी खेल चुका ये गेंदबाज
तेज गेंदबाज मोहित शर्मा साल 2014 में टी20 वर्ल्ड कप और साल 2015 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया का हिस्सा रहे. 36 साल के मोहित शर्मा ने साल 2015 के बाद से भारत के लिए कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. इसी के साथ ही उनका इंटरनेशनल क्रिकेट करियर भी खत्म हो गया. हरियाणा के बल्लभगढ़ में 18 सितंबर, 1988 को जन्मे मोहित शर्मा ने टीम इंडिया के लिए 26 वनडे मैचों में 31 विकेट और 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 6 विकेट लिए हैं. मोहित शर्मा ने बांग्लादेश में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2014 में 3 विकेट लिए थे, लेकिन ICC वर्ल्ड कप 2015 में उनकी गेंदबाजी शानदार रही. मोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में आयोजित 2015 वर्ल्ड कप में 13 विकेट अपने नाम किए थे.
टीम इंडिया में ऐसे कमाई अपनी जगह
मोहित शर्मा ने IPL 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना डेब्यू किया था. मोहित शर्मा ने उस सीजन में 6.43 के इकॉनमी रेट से 20 विकेट लिए थे. इसमें दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 10 रन देकर 3 विकेट की परफॉर्मेंस भी शामिल थी. लेकिन अगले सीजन में अपनी खास ‘नक्कल बॉल’ की बदौलत मोहित ने 23 विकेट चटकाकर तहलका ही मचा दिया था. मोहित शर्मा आईपीएल 2014 में 23 विकेट चटकाकर पर्पल कैप विनर भी रहे थे. इसी प्रदर्शन के बाद मोहित शर्मा को टीम इंडिया की कैप पहनने का भी मौका मिला था.
आईपीएल करियर में कुल 120 मैच खेले
मोहित शर्मा ने IPL में चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों के लिए खेलते हुए अपनी पहचान बनाई है. मोहित शर्मा ने आईपीएल करियर में कुल 120 मैच खेले, जिसमें 26.22 की औसत के साथ 134 विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने तीन बार मुकाबले में चार या इससे अधिक विकेट हासिल किए. 44 फर्स्ट मुकाबलों में मोहित शर्मा के नाम 127 विकेट दर्ज हैं, जबकि 78 लिस्ट-ए मुकाबलों में इस गेंदबाज ने 86 विकेट हासिल किए.