जबलपुर में शहीद शंकरशाह-रघुनाथ शाह के अपमान का आरोप: कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ने कहा- आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जूते पहनकर माल्यार्पण किया – Jabalpur News

जबलपुर में शहीद शंकरशाह-रघुनाथ शाह के अपमान का आरोप:  कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ने कहा- आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जूते पहनकर माल्यार्पण किया – Jabalpur News


जबलपुर में 17 सितंबर को अमर शहीद राजा शंकरशाह-कुंवर रघुनाथ शाह की बलिदान स्थली पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता और आदिवासी समाज के लोग भी शामिल हुए।

.

इसी बीच एक तस्वीर सामने आई है, जिसको लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल पर जूते पहनकर माल्यार्पण किया, जिससे अमर शहीद पिता-पुत्र का अपमान हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि आरएसएस कार्यकर्ताओं के इस कृत्य से आदिवासी समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

कांग्रेस का आरोप- आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जूते पहनकर किया माल्यार्पण।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कार्यक्रम की तस्वीरें

दरअसल, गुरुवार को शहर के मालगोदाम चौक पर अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह जी का 168वां बलिदान दिवस कार्यक्रम हुआ, जिसमें कई दिग्गज लोगों ने प्रतिमा स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम में एक गंभीर असम्मानजनक घटना भी घटित हुई, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा का कहना है कि आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जूते पहनकर माल्यार्पण किया, जो न केवल शहीदों के प्रति असम्मान है, बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने जैसा कृत्य है।

दिग्गज नेताओं और लोगों ने प्रतिमा स्थल पर अर्पित की थी श्रद्धांजलि।

दिग्गज नेताओं और लोगों ने प्रतिमा स्थल पर अर्पित की थी श्रद्धांजलि।

कांग्रेस प्रतिमा को नर्मदा जल से स्वच्छ करेगी

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि शहीदों के साथ हुई इस घटना को जिला कांग्रेस कमेटी शर्मनाक मानते हुए कड़ी निंदा करती है और इसे आदिवासी अस्मिता एवं शहीदों के सम्मान पर सीधा प्रहार मानती है। इस अपमानजनक कृत्य के विरोध में शनिवार की शाम राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथ शाह प्रतिमा स्थल, मालगोदाम गोंडवाना चौक पर विशेष विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस प्रतिमा को नर्मदा जल से स्वच्छ कर शहीदों का सम्मान पुनः स्थापित करेगी एवं महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।



Source link