भारतीय पुरुष टीम एशिया कप में जलवा बिखेर रही है. ओमान को अपने आखिरी ग्रुप मैच में 21 रन से धूल चटाकर भारत ने सुपर-4 के लिए हुंकार भरी. सुपर-4 में भारत की पहली टक्कर 21 सितंबर को पाकिस्तान से है. इससे पहले टीम इंडिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने 400 रनों का एक महारिकॉर्ड बनाया, जो पहले कभी नहीं बना. दरअसल, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया. 20 सितंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच वनडे सीरीज का तीसरा व आखिरी मुकाबला खेला गया, जिसमें कई रिकॉर्ड बने.
पहली बार बना 400 रन का ये महारिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमें दो मैचों के बाद 1-1 से बराबर वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेलने उतरीं. सीरीज के इस आखिरी और निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 412 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. 400 रन का आंकड़ा छूते ही ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एक महारिकॉर्ड बना दिया. दरअसल, महिला वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया टीम भारत के खिलाफ 400 रन का स्कोर बनाने वाली इतिहास की पहली टीम बन गई है.
भारत के खिलाफ सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय महिला टीम के खिलाफ वनडे में सबसे बड़े स्कोर का अपना ही पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा. इससे पहले भारतीय महिला टीम के खिलाफ वनडे में सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के ही नाम था. ऑस्ट्रेलिया ने 2024 में एक मैच में 371 रन बनाए थे. अब ऑस्ट्रेलिया ने 412 रन बनाकर अपने रिकॉर्ड को और बेहतर कर लिया. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पास वनडे में अपने सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था, लेकिन टीम बराबरी पर पहुंचकर ऑलआउट हो गई. बता दें कि 412 रन ऑस्ट्रेलिया महिला टीम का वनडे में सबसे बड़ा टोटल है. भारत के खिलाफ यह रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया ने 1997 में डेनमार्क के खिलाफ बनाए गए इतने ही बड़े स्कोर की बराबरी की.
बेथ मूनी का तूफानी शतक
ऑस्ट्रेलिया ने यह रिकॉर्ड बेथ मूनी के तूफानी शतक की बदौलत बनाए. मूनी में महिला वनडे क्रिकेट में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक लगाने हुए सिर्फ 75 गेंदों में 138 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 23 चौके और एक छक्का जड़ा. उनके अलावा जॉर्जिया वॉल ने 81 रन की पारी खेली. एलिस पेरी 68 रन बनाकर आउट हुईं. भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. रेणुका सिंह और राधा यादव को दो-दो विकेट मिले. क्रांति गौड़ ने एक शिकार किया. ऑस्ट्रेलिया की टीम 47.5 ओवर में 412 रन पर आउट हुई.