ओमान के जिस खिलाड़ी ने पांड्या को रन आउट किया… वह तो उनका दोस्त निकला, गुजरात से है गहरा नाता

ओमान के जिस खिलाड़ी ने पांड्या को रन आउट किया… वह तो उनका दोस्त निकला, गुजरात से है गहरा नाता


एशिया कप 2025 के ग्रुप-A मुकाबले में भारत ने ओमान को 21 रन से हरा दिया. इसी के साथ ही भारत ने मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाई है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE), पाकिस्तान और ओमान को हराकर भारत ग्रुप-A की पॉइंट्स टेबल में टॉप टीम रही है. भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 188 रन बनाए और ओमान के सामने 189 रन का टारगेट रखा. जवाब में ओमान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 167 रन ही बना पाई. ओमान के तेज गेंदबाज जितेन रामानंदी ने भारत के खिलाफ शुक्रवार को एशिया कप 2025 के मैच में अपनी शानदार चमक बिखेरी है.

जितेन रामानंदी ने किया पांड्या को रन आउट

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने टीम इंडिया के खिलाफ 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 33 रन देकर 2 शिकार किए. जितेन रामानंदी ने अभिषेक शर्मा (38) और तिलक वर्मा (29) को आउट किया. इसके अलावा, जितेन रामानंदी ने हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को रन आउट करने में अहम भूमिका निभाई. जितेन रामानंदी ने जिस गेंद पर अभिषेक शर्मा को अपना शिकार बनाया, वो करीब 142 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से फेंकी गई थी.

Add Zee News as a Preferred Source


हार्दिक पांड्या के साथ खेली क्रिकेट

आपको बता दें कि जिस हार्दिक पांड्या को जितेन रामानंदी ने पवेलियन लौटाया, उसी हार्दिक पांड्या के साथ कभी यह गेंदबाज इंटर क्लब टूर्नामेंट में खेला करता था. दरअसल, जितेन रामानंदी भारतीय मूल के हैं. उनका जन्म 15 सितंबर 1994 को गुजरात में हुआ था. वे नवसारी से ताल्लुक रखते हैं. जितेन रामानंदी ने बड़ौदा की अंडर-19 टीम से भी खेला, लेकिन जब उन्हें भारतीय टीम में मौका न मिला, तो कोच राकेश पटेल ने उन्हें ओमान जाने के लिए प्रेरित किया. साल 2019 में जितेन रामानंदी ओमान चले गए.

गुजरात से ओमान चले गए रामानंदी

हालांकि, काफी हद तक यह कदम आर्थिक कारणों की वजह से उठाया गया था, लेकिन यहां पहुंचकर रामानंदी ओमान की क्रिकेट टीम से जुड़ गए. जितेन रामानंदी ने साल 2025 में ओमान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया. उन्होंने फरवरी 2025 में यूएसए के खिलाफ वनडे मैच खेला. इसके बाद उन्होंने 21 फरवरी को इसी देश के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भी डेब्यू किया. जितेन रामानंदी ओमान की ओर से अब तक कुल 4 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने चार विकेट हासिल किए. वहीं, बल्ले से वह 14 की औसत के साथ 42 रन का योगदान टीम के खाते में दे चुके हैं.

भारत ने 21 रन से जीता मैच

अबू धाबी में खेले गए एशिया कप के 12वें मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 188 रन बनाए. टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 रन की पारी खेली. इसके जवाब में ओमान की टीम 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी. इसी के साथ भारत ने 21 रन से मैच अपने नाम किया. गेंदबाजी में चमक बिखेरने के बाद जितेन ने 5 गेंदों में 3 चौकों की मदद से नाबाद 12 रन भी बनाए.



Source link