Last Updated:
जिले में अनेक ऐतिहासिक धरोहर मौजूद हैं. उनमें से एक है गोविंदगढ़ किला जो रीवा रियासत के लिए महत्वपूर्ण रहा है. किले के महाराजा रघुराजा सिंह सवारियों के बहुत शौकीन थे, जिसके लिए महाराज ने एक ऐसे रथ का निर्माण करवाया था जिसे खींचने के लिए चार हाथियों का जोर लगता था.
राज दरबार का विशेष वाहन
साल 1911 में जब दिल्ली दरबार के राजधानी बनाए जाने का शताब्दी समारोह मनाया गया. उस समय इस रथ को विशेष तरजीह दी गई और यह रथ समारोह के परेड में शामिल हुआ, हालांकि दरबार में मौजूद रानियों की हाथियों से डर की वजह से इस रथ को करतब दिखाने का मौका तो नहीं मिला मगर सहभागिता दर्ज कराई. उस दौरान समारोह में इंग्लैंड की महारानी विक्टोरिया भी शामिल थीं. उन्होंने भी इस रथ में सवारी करने की इच्छा जाहिर की थी. लेकिन रीवा महराजा ने ये कह कर सवारी करने से मना कर दिया था कि जो गौ मांस खाता है वो इस गजरथ की सवारी नहीं कर सकता है.
साल 1945 में अंतिम बार रीवा में आयोजित दशहरा समारोह में शामिल होने के बाद इस रथ को किले के अंदर कैद कर दिया गया और तब से यह रथ अपने वजूद के लिए लड़ाई लड़ रहा है. इस रथ को संग्रहित करने के लिए इतिहासकारों के द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही है. जिससे रीवा रियासत की परंपरा के बारे में लोगों को जानकारी हो सके.
रथ के निर्माण में लड़की, लोहा, तांबा, पीतल व चांदी का इस्तमाल किया गया था. रथ की ऊंचाई बारह से पन्द्रह फिट की है. रथ इतना विशाल था कि उसमें महराजा के साथ कई लोग आराम से जा सकते थे और इसको घोड़े नहीं खींच पाते थे बल्कि हाथी की मदद से इनको खींचा जाता था.
रीवा रियासत के राजा महाराजाओं की यह गजरथ शान बढ़ाता था, लेकिन अब प्रशासनिक देखरेख के अभाव में इस विशाल गजरथ का अस्तित्त्व ही खो गया है. सालों से गोविंदगढ के किले में खड़ा यह रथ अब जर्जर हो चुका है. इतिहासकारों का मानना है की इस तरह का भव्य रथ एशिया यूरोप सहित पूरे विश्व में कही भी मौजूद नहीं है.
1911 में बना रीवा राजघराने का यह ऐतिहासिक गजरथ जो आज गोविंदगढ़ में खस्ता हालत में है, उसको सोमनाथ में बनने वाले संग्रहालय में देने का विचार रीवा महाराजा पुष्पराज सिंह ने सरकार के सामने रखा जो स्वीकार किया गया है उल्लेखनीय है कि, भारत के प्रधानमंत्री के विरासत से विकास योजना के संदर्भ में सोमनाथ में एक भव्य संग्रहालय का निर्माण होना है जिसमें हर राज्य से उन राजाओं ने जिन्होंने अपना अधिपत्य छोड़कर अखंड भारत में विलय होने की सहमति सरदार वल्लभभाई पटेल जी को दी उनके प्रतीक चिन्ह उपस्थित रहेंगे. जिसमें अब रीवा का यह गजरथ रीवा से चलकर सोमनाथ जायेगा और शोभा बढ़ाएगा.