ग्वालियर में पुलिस ने पकड़ा दुष्कर्म का आरोपी: नाबालिग से की थी ज्यादती, सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान – Gwalior News

ग्वालियर में पुलिस ने पकड़ा दुष्कर्म का आरोपी:  नाबालिग से की थी ज्यादती, सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान – Gwalior News



दुष्कर्म का आरोपी संजय सिंह, जिसे पुलिस ने भागने से पहले पकड़ लिया।

ग्वालियर में हजीरा थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को मुरैना रोड स्थित पुरानी छावनी के अटल गेट के पास से आरोपी को पकड़ा। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए एक नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर उसे मिलने के लिए बुलाया था।

.

आरोपी छात्रा को होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जब छात्रा ने मामले की शिकायत की तो आरोपी फरार हो गया। गुरुवार को भी वह शहर से बाहर भागने की तैयारी में बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिली थी कि दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी संजू उर्फ संजय तोमर, निवासी मुरैना, अटल गेट के पास देखा गया है और फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजू तोमर, निवासी दिमनी, मुरैना बताया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और पूछताछ शुरू कर दी है।

छात्रा से होटल में किया गया दुष्कर्म

हजीरा थाना क्षेत्र के गदाईपुरा निवासी 14 वर्षीय छात्रा की दोस्ती नवंबर 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से मुरैना निवासी संजय तोमर से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को एक नया मोबाइल और सिम उपलब्ध कराई।

नवंबर माह में आरोपी ने छात्रा को मिलने के लिए मनोरंजन पार्क बुलाया। वहां से वह बातचीत के बहाने उसे एक होटल ले गया, जहां उसने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे लगातार धमकाने लगा। इससे परेशान होकर छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां छात्रा को लेकर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



Source link