मऊगंज जिले की हनुमना तहसील के पैपखार गांव में साइगर ठगी का मामला सामने आया है। यहां ठगों ने किसान भोला प्रसाद पांडेय का एटीएम कार्ड बदलकर उनके बैंक खाते से 40 हज़ार रुपए निकाल लिए। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने मऊगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
.
घटना रविवार शाम की है। भोला प्रसाद मऊगंज स्थित गंगा वाटिका के पास एक स्टेट बैंक के एटीएम से 2 हज़ार रुपए निकालने गए थे। उन्होंने मशीन में एटीएम कार्ड डाला, लेकिन पैसे नहीं निकले। इसी दौरान पीछे खड़े दो युवकों ने मदद करने का बहाना बनाया और उनसे पिन नंबर पूछकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। युवकों ने उन्हें बताया कि मशीन में पैसे नहीं हैं और वे चले गए।
भोला प्रसाद को तुरंत इस बात का पता नहीं चला और वे दूसरे एटीएम पर भी कोशिश करते रहे, लेकिन कार्ड कहीं भी काम नहीं कर रहा था। घर लौटने पर उनके मोबाइल पर लगातार चार मेसेज आए, जिनमें उनके खाते से 10-10 हज़ार रुपए की चार बार निकासी का विवरण था। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।