पन्ना में रविवार का दिन हादसों भरा रहा। सुबह एक बस दुर्घटना के बाद शाम करीब 7:30 बजे एक और सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
यह हादसा पहाड़ीखेरा चौकी के जरेली पुलिया के पास हुआ। एक तेज रफ्तार कार को क्रॉस करते समय एक बाइक अनियंत्रित होकर जंगल में जा घुसी। बाइक पर सवार सचिन सिंह (25) और तारा सिंह (23) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सचिन सिंह, उसी रवींद्र सिंह के बड़े भाई हैं, जो कुछ दिन पहले बाघ से बचने के लिए पेड़ पर चढ़ गए थे। रवींद्र का वह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में सचिन का एक पैर बुरी तरह टूट गया है, जबकि तारा सिंह को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
