टीकमगढ़ की पुरानी टिहरी में नाली की सफाई को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले हरिशंकर खरे के घर के दरवाजे पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कचरा डाल दिया।
.
स्थानीय निवासी पुष्पेंद्र प्रजापति के अनुसार, नपा कर्मचारियों के कहने पर भी खरे ने शिकायत वापस नहीं ली। इसके बाद सफाई कर्मियों ने कचरा वाहन को मंदिर के पास ले जाकर शिकायतकर्ता के दरवाजे पर कचरा डाल दिया। इससे पूरी सड़क कचरे से पट गई।
कॉलोनीवासियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। तुरंत सफाईकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगले दिन से देवी मां की मूर्ति स्थापना होनी है। ऐसे में नगरपालिका की यह कार्रवाई शहर का माहौल खराब कर सकती है।
सीएमओ बोले- कचरा वाहन खराब हो गया था
नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने इस घटना का अलग कारण बताया। उनके अनुसार, कचरा वाहन खराब हो गया था और संकरी गली से निकल नहीं पा रहा था। इसलिए गाड़ी खाली करनी पड़ी। बाद में दूसरी गाड़ी भेजकर खराब वाहन को हटाया गया और सड़क की सफाई कर दी गई। सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का कोई मामला नहीं है। उसकी शिकायत पहले ही हल कर दी गई थी।