सुपरसंडे के लिए तैयार हो जाएं फैंस, पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले सूर्यकुमार का 140 करोड़ भारतीयों से वादा

सुपरसंडे के लिए तैयार हो जाएं फैंस, पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले सूर्यकुमार का 140 करोड़ भारतीयों से वादा


पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 की जंग के लिए भारतीय टीम पूरी तरह से तैयार है. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया की तैयारियों को लेकर भी बातें कीं. साथ ही सूर्या ने 140 करोड़ भारतीयों से वादा किया कि पाकिस्तान के खिलाफ रविवार (21 सितंबर) को होने वाले मुकाबले में उन्हें मजा आएगा. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई सवालों के जवाब दिए. दिलचस्प बात यह रही कि पूरे समय में भारतीय कप्तान ने अपने प्रतिद्वंद्वी यानी पाकिस्तान का नाम एक बार भी नहीं लिया. 

जंग के लिए तैयार टीम इंडिया

यह एक हफ्ते में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दूसरा मैच होगा. 14 सितंबर को हुए पिछले मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी. भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच से पहले सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘जीते ना, इसीलिए खुशी मनाया.’ सूर्यकुमार ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि हमें हमेशा अपने देश का समर्थन मिलता है. हम जो भी मैच खेलते हैं, हमें समर्थन मिलता है.’ इसके बाद उन्होंने देश के 1.4 अरब लोगों से वादा किया कि उनका संडे बहुत शानदार होगा.

Add Zee News as a Preferred Source


सूर्या का भारतीयों से प्रॉमिस

सूर्यकुमार ने कहा, ‘आज रविवार है, ज्यादा लोग मैच देखेंगे. उन्हें बस बैठकर खेल का मजा लेना चाहिए. हम मैदान पर जाएंगे, उसी जोश और ऊर्जा के साथ खेलेंगे. हम हमेशा की तरह अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे.’ सूर्यकुमार ने पाकिस्तान पर मिली शानदार जीत का श्रेय टीम की बेहतरीन तैयारी को दिया.

टीम की तैयारियों पर क्या कहा?

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही है. हमारे तीन अच्छे मैच हुए हैं. हम वास्तव में इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि हम सबसे अच्छे परिणाम के लिए क्या कर सकते हैं. हम उन सभी अच्छी आदतों को दोहराना चाहते हैं जो हम पिछले दो-तीन मैचों में करते आ रहे हैं. और हम एक समय में एक ही मैच पर ध्यान देंगे.’ उन्होंने आगे कहा, ‘सिर्फ इसलिए कि हमने उनके साथ एक अच्छा खेल खेला है, हमें कोई फायदा नहीं होगा. हमें शुरुआत से शुरू करना होगा और जो बेहतर खेलेगा वही मैच जीतेगा.’

भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने 3 मैच अपने नाम किए हैं. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोनों देशों के बीच एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) के कुल तीन मैच खेले गए हैं, जिसमें 2 मुकाबले टीम इंडिया ने जीते. 



Source link