Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच एशिया कप 2025 का Super Fours मुकाबला आज रात 8 बजे से दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. क्रिकेट के इस महासंग्राम पर सारी दुनिया की नजर होगी. इस महामुकाबले में सूर्यकुमार यादव बनाम शाहीन अफरीदी के अलावा शुभमन गिल बनाम हारिस रऊफ की भिड़ंत देखने को मिलेगी. सितारों से सजी भारतीय टीम फिर से पाकिस्तानी टीम को चारों खाने चित करने के लिए तैयार है. इससे पहले मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के ग्रुप-A मैच में भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मात दी थी.
भारत और पाकिस्तान के बीच महासंग्राम
पाकिस्तान के लिए भारत के खिलाफ मैच जीतना बहुत बड़ी चुनौती होगी. दुबई के मैदान पर आज भारत जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा. भारत और पाकिस्तान की टीमें सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट्स में ही आपस में भिड़ती हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पाकिस्तानी टीम पर दबदबा रहा है. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने सभी आखिरी 3 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2022, टी20 वर्ल्ड कप 2024 और मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में ग्रुप-A मैच (14 सितंबर) के तौर पर अपने आखिरी तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. भारत ने ये तीनों ही मैच जीते हैं.
टीम इंडिया की ताकत और कमजोरी
टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही उसकी ताकत है. भारत के पास अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाज मौजूद हैं. खासकर अभिषेक शर्मा पर भारतीय फैंस की नजरें होंगी, जो एशिया कप 2025 के पहले 3 मैचों में 225 की स्ट्राइक रेट से 99 रन बना चुके हैं. भारत का मिडिल ऑर्डर कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और विकेटकीपर संजू सैमसन जैसे खूंखार बल्लेबाजों से सजा हुआ है. भारत के पास शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे टैलेंटेड ऑलराउंडर्स हैं, जो गेंद और बल्ले से टीम को मजबूती देते हैं. भारत के पास कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे घातक स्पिन गेंदबाज हैं जो बेहद मारक गेंदबाजी करते हैं. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अकेले ही सेना के बराबर हैं. पाकिस्तान के लिए भारत की इस टीम से जीतना बेहद मुश्किल है. सुपर-4 में टीम को हार्दिक पांड्या से खासा उम्मीदें होंगी, लेकिन वह इस टूर्नामेंट में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. हार्दिक पांड्या से बतौर ऑलराउंडर देश को उम्मीदें हैं, लेकिन वह गेंदबाजी में भरपूर मौकों के बावजूद खास छाप नहीं छोड़ सके.
पाकिस्तान की ताकत और कमजोरी
पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर उसकी सबसे बड़ी ताकत है. इस टीम में साहिबजादा फरहान, फखर जमान और मोहम्मद हारिस को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया है. ओपनर सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा भी रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं. भारतीय गेंदबाजों ने अगर साहिबजादा फरहान, फखर जमान और मोहम्मद हारिस को सस्ते में आउट कर दिया तो फिर पाकिस्तान को हराना बहुत आसान होगा. भारत को इसके अलावा पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के खिलाफ भी प्लान तैयार करना होगा. शाहीन अफरीदी मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी के अलावा बल्लेबाजी से भी विपक्षी टीम को परेशान कर रहे हैं. भारत के खिलाफ पिछले मैच में शाहीन अफरीदी ने 16 गेंदों पर 33 रनों की नाबाद पारी खेली थी. इसके अलावा मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद स्पिन गेंदबाजी में पाकिस्तान की ताकत हैं. फास्ट बॉलिंग डिपार्टमेंट में शाहीन अफरीदी के जोड़ीदार तेज गेंदबाज हारिस रउफ भी पाकिस्तानी टीम को मजबूती देते हैं.
भारत का पाकिस्तान पर दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के अब तक 14 मैच खेले गए हैं. इसमें 11 मैचों में भारतीय टीम विजेता रही है. 3 मैच पाकिस्तान जीता है. बता दें कि एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को 7 विकेट से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था. इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जमकर किरकिरी हुई थी. पाकिस्तान क्रिकेट टीम बदले की आग में जल रही है. भारत को ऐसे में इस टीम से सावधान रहना होगा. टीम इंडिया को एशिया कप के Super Fours में किसी भी टीम को हल्के में लेने से बचना होगा. एशिया कप 2025 में भारत सुपर-4 के अपने पहले मैच में आज पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगा. 24 सितंबर को टीम इंडिया के सामने बांग्लादेश की चुनौती होगी. वहीं, 26 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टीम इंडिया 13-8 के रिकॉर्ड के साथ उतरेगा, लेकिन सुपर-4 एक ऐसा स्टेज है, जहां टीम इंडिया के पास प्रयोग का बिल्कुल भी मौका नहीं होगा.
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.
पाकिस्तान
सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद.