India vs Pakistan: रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का गुस्सा अचानक पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा पर फूट पड़ा है. भारत के खिलाफ रविवार को एशिया कप 2025 का SUPER-4 मैच 6 विकेट से हारने के बाद सलमान आगा को शोएब अख्तर की आलोचना का सामना करना पड़ा है. शोएब अख्तर ने कप्तान सलमान आगा को खरी-खोटी सुनाते हुए उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कमजोर कड़ी बताया है. बता दें कि पाकिस्तान ने इस मैच में भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए. जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाते हुए पाकिस्तान को 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से हरा दिया.
पाकिस्तान के कप्तान पर फूटा शोएब अख्तर का गुस्सा
शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी T20I टीम में सलमान आगा की जगह पर सवाल उठाए हैं और उनकी कप्तानी की आलोचना भी की है. बता दें कि मोहम्मद रिजवान के पाकिस्तानी T20I टीम से बाहर होने के बाद सलमान आगा को कप्तान बनाया गया था, और वह अब तक बेहतर नतीजे देने में नाकाम रहे हैं. एशिया कप 2025 में यह दूसरा मौका था जब पाकिस्तान भारत से हार गया. पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा के कई फैसले सवालों के घेरे में आ गए हैं. टीम सेलेक्शन को लेकर और भी अजीब फैसला आया, जब हसन नवाज को Playing XI से बाहर कर दिया गया. इसके अलावा सलमान आगा छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतारे.
अख्तर ने सलमान को सुनाई खरी-खोटी
शोएब अख्तर ने TAPMAD पर एक बातचीत के दौरान इन फैसलों पर सवाल उठाए और कहा कि हसन नवाज चौथे नंबर पर आकर पाकिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने के लिए जरूरी स्पीड दे सकते थे. सलमान आगा के बारे में बात करते हुए शोएब अख्तर ने दावा किया कि वह टीम की सबसे कमजोर कड़ी हैं, जिन्हें पता ही नहीं था कि उन्हें क्या करना चाहिए. शोएब अख्तर ने कहा, ‘जहां तक कप्तान की बात है, तो उसे (सलमान आगा) वैसे भी पता नहीं है कि वह क्या कर रहा है, किस तरह की कप्तानी कर रहा है, या वह खुद कैसे खेल रहा है. यही सबसे कमजोर कड़ी है, और कोई इस बारे में बात नहीं करता. क्या वह उस जगह पर खेलने के लायक भी है, जहां वह बल्लेबाजी कर रहा है? यही सबसे बड़ा सवाल है.’
पाकिस्तान की सबसे कमजोर कड़ी
शोएब अख्तर ने कहा, ‘वह (सलमान आगा) असल में क्या कर रहा है? ठीक है, वह छठे नंबर पर आता है. एक टैलेंट के नाम पर वह टीम को क्या दे रहा है? जब बात तिलक वर्मा या हार्दिक पांड्या की आती है, तो उसकी कोई तुलना ही नहीं है. ठीक है, वह एक ‘अच्छा क्रिकेटर’ हो सकता है. कुछ लोगों की नजर में वह एक ‘अच्छा कप्तान’ भी हो सकता है, लेकिन वह असल में कौन सा टैलेंट पैदा कर रहा है? यही सबसे बड़ा सवालिया निशान है. वह सबसे कमजोर कड़ी है.’
हसन नवाज को नहीं खिलाना गलत फैसला
शोएब अख्तर ने दावा किया कि सलमान आगा कप्तान के तौर पर सभी गलत फैसले लेते हैं. अख्तर ने कहा, ‘सलमान आगा ने हसन नवाज जैसे टैलेंटेड खिलाड़ी को न खिलाने का गलत फैसला लिया. एक ऐसा खिलाड़ी जो वाकई आपको मैच जिता सकता था. एक ऐसे खिलाड़ी को बाहर कर दिया गया, जो मैच जिताने में सक्षम है और जहां तक नई गेंद की बात है.’ शोएब अख्तर ने यह भी सवाल उठाया कि पाकिस्तान ने अभिषेक शर्मा को ज्यादा से ज्यादा शॉर्ट गेंदों से निशाना क्यों नहीं बनाया.