Asia Cup 2025: भारत ने पाकिस्तान को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गए एशिया कप 2025 के ‘सुपर फोर’ मैच में 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से हरा दिया. भारत ने मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर यह दूसरी स्ट्राइक की है. इससे पहले मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में 14 सितंबर को खेले गए ग्रुप-A मैच में भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मात दी थी. भारत की यह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 12वीं जीत रही है. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के अब तक 15 मैच खेले गए हैं. इसमें 12 मैचों में भारतीय टीम विजेता रही है. 3 मैच पाकिस्तान जीता है.
कप्तान सूर्या ने बुरी तरह धो डाला
भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद पाकिस्तान को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुरी तरह धो डाला. सूर्यकुमार यादव ने अपने शब्दों की गोलियां से पाकिस्तान को छलनी करके रख दिया. भारत के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब मुंह दिखाने लायक भी नहीं रही है. सूर्यकुमार यादव ने जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बात करते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी के सवाल पर एक जबरदस्त जवाब दिया है, जिससे पाकिस्तान को मिर्ची लग जाएगी. सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से आग्रह किया कि अब आपको भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी को लेकर सवाल पूछना बंद कर देना चाहिए.
पाकिस्तान को शब्दों की गोलियों से किया छलनी
सूर्यकुमार यादव ने भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी को कमतर आंका है. उन्होंने कहा, ‘अब आप लोगों (पत्रकारों) को भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी के बारे में सवाल पूछना बंद कर देना चाहिए. मेरे हिसाब से अगर दो टीमें 15-20 मैच खेलती हैं और स्कोर बराबर रहता है, तो यह राइवलरी है. 10-0, 10-1, मुझे नहीं पता कि आंकड़े क्या हैं, लेकिन अब यह राइवलरी नहीं रही. मुझे लगता है कि हमने उनसे (पाकिस्तान) बेहतर क्रिकेट खेला, और गेंदबाजी के नजरिए से भी.’ सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान पर भारत के दबदबे वाले रिकॉर्ड का भी जिक्र किया है, जो अब 12-3 का है.
भारत की फील्डिंग पर कप्तान सूर्या ने दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान की पारी के दौरान भारत को फील्डिंग में कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा और शुरुआत में ही कई कैच भी छूट गए थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इन गलतियों पर मजाक उड़ाते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि फील्डिंग कोच ने उन खिलाड़ियों को पहले ही ईमेल कर दिया है, जिनके हाथों पर मक्खन लगा था. यह अच्छा है कि यह शुरुआत में हुआ, क्योंकि हमारे पास आगे और भी महत्वपूर्ण मैच हैं.’ सूर्यकुमार यादव ने इस बात को भी खारिज कर दिया कि फ्लडलाइट्स को दोष दिया जाए. उन्होंने कहा, ‘फ्लडलाइट्स कोई बहाना नहीं हो सकतीं.’ पाकिस्तान के दिए 172 रनों के टारगेट को भारत ने 18.5 ओवर में ही 6 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया. भारत के खूंखार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 39 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली और रनचेज में एक बड़ी भूमिका निभाई. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह बहुत निस्वार्थ हैं. वह पावरप्ले के बाद भी उसी तरह बल्लेबाजी कर सकते हैं. वह हर दिन सीख रहे हैं. बल्लेबाजी के नजरिए से विकेट बेहतर था.’