कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लापरवाही चिंता का विषय बन गई है। स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद यात्री सीधे रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं।
.
प्लेटफॉर्म नंबर 1 से यात्री बड़ी संख्या में ट्रैक पार कर दूसरी तरफ जा रहे हैं। दैनिक यात्री, पढ़े-लिखे लोग और बच्चे भी इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। सोमवार को सामने आए एक वीडियो में कई श्रमिक प्लेटफॉर्म नंबर 5 की तरफ जाने के लिए पटरियां पार करते दिखे।
भट्टा मोहल्ला की तरफ से आने-जाने वाले यात्री भी खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इस क्षेत्र में पटरी के पास खाली जगह पर बड़ी संख्या में श्रमिक ठहरे हुए हैं। ये लोग बीना की तरफ काम की तलाश में जा रहे हैं। वे बच्चों के साथ ट्रेन का इंतजार करते हैं और बिना किसी डर के ट्रैक पार करते हैं।
स्टेशन प्रबंधन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) इस समस्या को रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस लापरवाही से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।