बड़वानी में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इस आयोजन ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच भारी उत्साह पैदा किया है। अब तक इस महोत्सव में 1,01,291 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जिससे सांसद पटेल मध्य प्रदेश में पहले और पूरे देश में सात
.
त्रिस्तरीय प्रतियोगिता होगी
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि खेल महोत्सव की सफलता के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। यह आयोजन त्रिस्तरीय स्वरूप में होगा, जिसमें मंडल स्तर से लेकर जनपद और फिर जिला स्तर तक प्रतियोगिताएं होंगी। बड़वानी जिले के सभी 26 मंडलों में चरणबद्ध प्रतियोगिताओं के बाद, 7 जनपद पंचायतों बड़वानी, पाटी, राजपुर, ठीकरी, सेंधवा, निवाली और पानसेमल में मैच होंगे। अंत में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं की जाएंगी।
24 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर
इस महोत्सव में कुल 24 खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, गिल्ली डंडा, नींबू रेस, कुर्सी दौड़, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, क्रिकेट और बैडमिंटन जैसे पारंपरिक और आधुनिक खेल शामिल हैं। दिव्यांगजनों के लिए पंजा कुश्ती का भी आयोजन किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में बालक, बालिका, युवा, महिला और पुरुष सभी वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कार
उत्सव में विजेताओं को बड़ी पुरस्कार राशि दी जाएगी। महिला वर्ग में हॉकी, कबड्डी और फुटबॉल के विजेताओं को ₹71,000 और उपविजेताओं को ₹51,000 दिए जाएंगे। इसी तरह खो-खो में प्रथम को ₹51,000 और द्वितीय को ₹31,000 मिलेंगे। पुरुष वर्ग में भी क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और कबड्डी में प्रथम को ₹71,000 और द्वितीय को ₹51,000 की पुरस्कार राशि तय की गई है।