क्रिकेट जगत में इन दिनों एशिया कप का खुमार छाया हुआ है. चारों तरफ एशिया कप के रोमांच का शोर है, लेकिन इस बीच एक बुरी खबर देखने को मिली, जिसके चलते पूरे क्रिकेट जगत में मातम छाया हुआ है. इस दिग्गज पूर्व क्रिकेटर ने 1983 वर्ल्ड कप में अपनी भूमिका निभाकर करियर को यादगार बनाया था. 92 साल की उम्र में इस दिग्गज के निधन की खबर से क्रिकेट जगत सदमें में है.
क्लब ने की पुष्टि
यह कोई और नहीं बल्कि 1983 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायरिंग करने वाले दिग्गज डिकी बर्ड हैं. उनका निधन 23 सितंबर को घर पर शांतिपूर्वक हो गया है. यॉर्कशायर क्रिकेट क्लब ने उनके निधन की पुष्टि की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. महान अंपायर और पूर्व खिलाड़ी जिनका आधिकारिक नाम हेरोल्ड डेनिस बर्ड था. यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब अत्यंत दुख के साथ क्रिकेट जगत के सबसे प्रिय खिलाड़ियों में से एक हेरोल्ड डेनिस “डिकी” बर्ड एमबीई ओबीई के निधन की घोषणा करता है, जिनका 92 वर्ष की आयु में घर पर शांतिपूर्वक निधन हो गया.’
भावभीनी श्रद्धांजलि
यार्कशायर की तरफ से आगे लिखा गया, ‘डिकी बर्ड ने एक अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में एक शानदार करियर का आनंद लिया और खेल के इतिहास में सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय अंपायर के रूप में अपना नाम इतिहास में दर्ज कराया. वह यॉर्कशायर क्रिकेट का पर्याय हैं, जहाँ वे सबसे वफ़ादार समर्थकों में से एक रहे हैं. 2014 में, उन्हें यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, यह पद उन्होंने गर्व और विशिष्टता के साथ निभाया, और उनके कार्यकाल के दौरान क्लब ने दो काउंटी चैंपियनशिप खिताब जीते. इस समय यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के सभी सदस्यों की संवेदनाएँ डिकी के परिवार और दोस्तों के साथ हैं. क्लब के सभी लोग उन्हें बहुत याद करेंगे, क्योंकि उन्होंने यहाँ सभी के समर्थन में बहुत समय बिताया है और उन्हें यॉर्कशायर के इतिहास के सबसे महान व्यक्तित्वों में से एक के रूप में याद किया जाएगा.’
ये भी पढे़ं.. 4 मैच 173 रन… अभिषेक ने खतरे में डाला विराट कोहली का रिकॉर्ड, एक सीजन में ही सजेगा ये ताज
1983 वर्ल्ड कप फाइनल यादगार
1983 वर्ल्ड कप फाइनल डिकी बर्ड का सबसे यादगार पल था. उस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक फाइनल में अंपायरिंग की. भारत ने वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप जीता था. इसके अलावा भी उन्होंने भारत के कई मुकाबलों में अंपायरिंग की. भारत और इंग्लैंड के बीच 1996 का टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच था. उस दौरान बर्ड को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था. इस मैच में ही राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली ने अपना यादगारर डेब्यू भी किया था.