देवास में किसान कांग्रेस ने बुधवार को ट्रैक्टर रैली निकाली। फसल बीमा, खराब फसलों का मुआवजा और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर यह रैली आयोजित की गई। रैली भोपाल बायपास से शुरू होकर मल्हार स्मृति मंदिर परिसर तक जानी थी।
.
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित कई कांग्रेस नेता रैली में शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक और नवरात्रि पर्व का हवाला देते हुए भोपाल चौराहे पर रैली को रोक दिया। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक चर्चा चली। किसानों ने रैली रोकने के आदेश की जानकारी मांगी।
45 से अधिक ट्रैक्टर वाली इस रैली में से सिर्फ 5 ट्रैक्टरों को शहर में प्रवेश की अनुमति मिली। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वजीत चौहान ने कहा कि वे किसानों के सम्मान में लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में अधिग्रहित जमीनों को निरस्त करना, पर्याप्त खाद की उपलब्धता और सोयाबीन की पीला मोजेक बीमारी का सर्वे शामिल है।
किसानों की एक अहम मांग फसलों का उचित मूल्य है। एमएसपी 5300 रुपए है, लेकिन मंडी में फसल 2000 से 3000 रुपए में बिक रही है। इन सभी मुद्दों को लेकर न्याय यात्रा और ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया।

