एशेज के लिए इंग्लैंड की 16 सदस्यीय टीम की घोषणा मंगलवार को की गई. टीम की कमान स्टोक्स के हाथों में होगी जो कंधे की चोट से उबर रहे हैं. इस चोट के कारण वह भारत के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के अंतिम टेस्ट से बाहर हो गए थे.
इंग्लैंड के हाल ही में सफेद गेंद के प्रारूप में कप्तान नियुक्त किए गए ब्रूक टेस्ट उप कप्तान के रूप में ओली पोप की जगह लेंगे जिन्होंने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है.
इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के लिए खेलने वाले बल्लेबाजी ऑलराउंडर विल जैक्स को टीम में शामिल किया गया है. जैक्स अंगुली में फ्रेक्चर के कारण न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के दौरे से चूक जाएंगे जिसमें तीन टी-20 और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं. इंग्लैंड ने हालांकि कहा है कि उनके एशेज के लिए समय पर फिट होने की उम्मीद है.
इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्स, जैक क्रॉली, बेन डकेट, विल जैक्स, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग और मार्क वुड.