भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब ऑस्ट्रेलिया में जलवा बिखेरते नजर आएंगे. दरअसल, हाल ही में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद इस दिग्गज को बिग बैश लीग की टीम सिडनी थंडर ने साइन कर लिया है. सिडनी थंडर ने सोशल मीडिया पर अश्विन का टीम में वेलकम करते हुए कुछ पोस्ट शेयर किए हैं. अश्विन आगामी बिग बैश लीग सीजन में एक्शन में नजर आएंगे. सिडनी थंडर से जुड़ने के बाद अश्विन का पहला रिएक्शन भी सामने आया है.
सिडनी थंडर से जुड़े अश्विन
रविचंद्रन अश्विन बिग बैश लीग की किसी फ्रेंचाइजी में शामिल होने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं. सिडनी थंडर ने इस टी20 फ्रेंचाइजी लीग के आगामी 15वें सीजन के लिए उनके कॉन्ट्रैक्ट की पुष्टि की. पिछले ही महीने आईपीएल से संन्यास लेने वाले यह पूर्व भारतीय क्रिकेटर जनवरी की शुरुआत में थंडर के साथ जुड़ेंगे. सिडनी टीम ने सोशल मीडिया पर अश्विन को लेकर कुछ पोस्ट भी किए हैं.
— Sydney Thunder (@ThunderBBL) September 25, 2025
अश्विन का पहला रिएक्शन
सिडनी थंडर से जुड़ने की जानकारी ऑफिशियल होने के बाद अश्विन का पहला रिएक्शन सामने आया. उन्होंने एक्स अकाउंट पर अपनी नाम की जर्सी की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘Lightning then the Thunder. Now Down Under @ThunderBBL.’ अश्विन ने इस मौके पर एक बयान में कहा, ‘थंडर को इस बात की पूरी जानकारी थी कि वे मेरा इस्तेमाल कैसे करेंगे और वे इसका समर्थन करने के लिए भी तैयार थे. नेतृत्व के साथ मेरी बातचीत बहुत अच्छी रही और हम मेरी भूमिका को लेकर पूरी तरह से एकमत हैं. मुझे डेव (डेविड) वार्नर का खेल बहुत पसंद है और जब आपका लीडर आपकी सोच से सहमत हो तो यह हमेशा बेहतर होता है. मैं थंडर नेशन के लिए प्रदर्शन करने के लिए बेताब हूं.’
— Ashwin(@ashwinravi99) September 25, 2025
अश्विन सिडनी थंडर का ड्रेसिंग रूम को डेविड वॉर्नर, लॉकी फर्ग्यूसन, सैम बिलिंग्स जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ साझा करेंगे. अश्विन को टी20 क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है. खासकर वह आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबजों की लिस्ट में शामिल हैं. 38 साल के अश्विन अपने 221 आईपीएल मैचों के करियर में 5 अलग-अलग आईपीएल फ्रेंचाइजी- चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले. वह 2010 और 2011 में सीएसके के साथ दो बार आईपीएल चैंपियन रहे हैं और टूर्नामेंट में 187 विकेट लेकर सर्वकालिक 5वें स्थान पर हैं.
बीबीएल 15 के लिए सिडनी थंडर टीम
वेस एगर, टॉम एंड्रयूज, रविचंद्रन अश्विन (भारत), कैमरन बैनक्रॉफ्ट, सैम बिलिंग्स (इंग्लैंड), ओली डेविस, लॉकी फर्ग्यूसन (न्यूजीलैंड), मैथ्यू गिलक्स, क्रिस ग्रीन, रयान हैडली, शादाब खान (पाकिस्तान), सैम कोंस्टास, नाथन मैकएंड्रू, ब्लेक निकितारस, डैनियल सैम्स, तनवीर संघा, डेविड वॉर्नर.