देश का सबसे साफ शहर चूहों से हारा…: इंदौर एयरपोर्ट पर भोपाल के सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल को चूहे ने काटा… रेबीज इंजेक्शन तक नहीं मिला – Indore News

देश का सबसे साफ शहर चूहों से हारा…:  इंदौर एयरपोर्ट पर भोपाल के सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल को चूहे ने काटा… रेबीज इंजेक्शन तक नहीं मिला – Indore News



देश के किसी एयरपोर्ट पर यात्री को चूहे के काटने की पहली घटना

.

इंदौर एयरपोर्ट पर मंगलवार को अजीबोगरीब घटना हुई। भोपाल के सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल अरुण मोदी को चूहे ने काट लिया। हैरत की बात यह रही कि एयरपोर्ट पर उन्हें रेबीज का इंजेक्शन तक नहीं मिला। नाराजगी जताने के बाद उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन दिया गया। बेंगलुरु पहुंचने पर ही रेबीज का टीका लग सका।

अरुण बेंगलुरु की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर डवलपर हैं। वे पत्नी के साथ इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु होते हुए कालीकट जा रहे थे। उड़ान का समय दोपहर 3:05 बजे था। अरुण लगभग 1 बजे एयरपोर्ट पहुंचे। ग्राउंड फ्लोर के डिपार्चर हॉल में रिक्लाइनर पर बैठे थे कि अचानक चूहा उनकी पैंट में घुस गया।

अरुण ने पकड़ने की कोशिश की, पर चूहे ने घुटने के पीछे काट लिया। एयरपोर्ट स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और अरुण को मेडिकल रूम ले जाया गया। डॉक्टरों ने घाव साफ किया। जब अरुण ने रेबीज टीका लगाने की मांग की तो स्टाफ ने कहा कि यह उपलब्ध नहीं है। नाराजगी जताने के बाद टिटनेस इंजेक्शन लगाया गया।

24 घंटे में रेबीज का इंजेक्शन जरूरी

रैबीज वायरस मुख्यतः कुत्ता, बिल्ली, बंदर, चमगादड़ जैसे स्तनधारियों में पाया जाता है। चूहों में यह कम होता है, लेकिन आशंका को नकारा नहीं जा सकता। इसलिए किसी अज्ञात जानवर के काटने पर रैबीज का टीका लगवाना जरूरी है। पहला टीका 24 घंटे के अंदर लगवाएं। देरी से संक्रमण फैल सकता है। टिटनेस इंजेक्शन भी लेना चाहिए।

  • पहले भी शिकायतें : इंदौर एयरपोर्ट पर कुछ समय पहले टर्मिनल के फूड काउंटर्स के पास चूहों का वीडियो वायरल हुआ था। मच्छर और कॉकरोच की शिकायतें भी आती रहती हैं। हालांकि, देश के किसी एयरपोर्ट पर यात्री को चूहे के काटने की यह पहली घटना है।
  • फिर पेस्ट कंट्रोल… पूरे घटनाक्रम के बाद सभी जगह पेस्ट कंट्रोल किया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर वी.के. सेठ ने कहा- ‘यात्री के साथ बाइट की घटना हुई। समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल कराया जाता है। 15 दिन पहले भी यह कराया गया था। चूहों के लिए पिंजरे भी रखे गए हैं।’

24 दिन पहले एमवाय के NICU में दो नवजातों को कुतरा… मौत

30 अगस्त को एमवाय के एनआईसीयू वार्ड में चूहों ने दो नवजातों को कुतर दिया था। दोनों की मौत हो गई थी।



Source link