दुनिया के नंबर एक टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज ने टखने में चोट लगने के बावजूद जापान ओपन में अपने अभियान की जीत से शुरुआत की. उन्होंने अर्जेंटीना के सेबेस्टियन बाएज को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हरा दिया. यूएस ओपन चैंपियन अल्काराज शुरुआती सेट के 5वें गेम में शॉट मारने के बाद जमीन पर गिर पड़े और दर्द के कराहते हुए उन्हें कई मिनट उन्हें कोर्ट पर लेते हुए देखा गया. हालांकि, मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद उन्होंने मैच खेलना जारी रखा और शानदार जीत दर्ज की. यह मैच 1 घंटा 30 मिनट तक चला.
चोट के बावजूद अल्काराज की जीत
मैच के पहले सेट के 5वें गेम में गेंद का पीछा करते समय अल्काराज की बाएं पैर में चोट लग गई. उन्हें तुरंत मेडिकल ब्रेक लेना पड़ा और इसके बाद वह टखने पर मोटी पट्टी बांधकर खेलते रहे. अपने सर्वश्रेष्ठ खेल से काफी कम प्रदर्शन करने के बावजूद इस खिलाड़ी ने पहला सेट जीता और दूसरे सेट में अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए जीत हासिल की. इस जीत के साथ, अल्काराज इस सीजन के अपने आठवें खिताब की ओर बढ़ रहे हैं.
ऐसा रहा मैच
अल्काराज ने पहली सर्विस पर बाएज से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि दूसरी सर्विस पर दोनों का प्रदर्शन लगभग एक जैसा रहा. अल्काराज ने पूरे मैच में बाएज को सिर्फ दो ब्रेक पॉइंट दिए, जिसमें से उन्होंने एक बार सर्विस गंवाई. बाएज को 5 ब्रेक पॉइंट का सामना करना पड़ा और उन्होंने चार बार अपनी सर्विस गंवाई. इस हार के साथ बाएज टूर्नामेंट से बाहर हो गए और वह अब भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अल्काराज के खिलाफ एक भी सेट नहीं जीत पाए हैं.
चोट को लेकर क्या बोले अल्काराज?
मैच के बाद अपनी चोट के बारे में अल्काराज ने कहा, ‘मुझे बाद में देखना होगा कि नतीजा अच्छा होगा या नहीं.’ बता दें कि अल्काराज पहली बार जापान ओपन में खेल रहे हैं. जब वह कोर्ट पर आए तो फैंस ने उनका जबरदस्त स्वागत किया. हालांकि, जब वह पहले सेट के बीच में ही चोटिल होकर कोर्ट पर गिर पड़े, तो फैंस की एक पल को सांसें ही थम गईं थीं. अल्काराज के रिएक्शन से ऐसा लगा कि वह मुकाबले आगे नहीं खेल पाएंगे, लेकिन इस नंबर-1 टेनिस स्टार ने न सिर्फ मैच कम्प्लीट किया, बल्कि जीता भी.