बैतूल में अयोध्या से रामेश्वरम जा रही ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी केश्वरी पांडे (31) पिता राम शंकर पांडे के रूप में हुई है।
.
बरबटपुर स्टेशन के पास हादसा
घटना दो दिन पहले बरबटपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे खंभा नंबर 803/18 के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। जानकारी के अनुसार, केश्वरी ट्रेन के गेट के पास बैठा हुआ था, उसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया। हालांकि, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि वह दुर्घटनावश गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
चेन्नई में होटल मैनेजमेंट का काम करता था
मृतक युवक चेन्नई में होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में कार्यरत था और काम के सिलसिले में यात्रा कर रहा था। शव के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई।
दो दिन मॉर्चुरी में रखा रहा शव
घटना की सूचना मिलने पर युवक का बड़ा भाई बिंदेश्वर पांडे बैतूल पहुंचा और जिला अस्पताल की मर्चूरी में रखे शव की पहचान की। शव दो दिन से मॉर्चुरी में रखा हुआ था।

GRP ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। एएसआई पोर्टे ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, जीआरपी यह जांच कर रही है कि युवक ट्रेन से कैसे गिरा।