Asia Cup 2025: भारत के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर 4 मुकाबले में श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका एक अजीबोगरीब क्रिकेट नियम के कारण रन आउट होने से बच गए. इस घटना ने वर्ल्ड क्रिकेट में जबरदस्त भ्रम और बहस को जन्म दे दिया है. दरअसल, सुपर ओवर के दौरान अर्शदीप सिंह की चौथी गेंद पर श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका शॉट नहीं लगा पाए और गेंद उनके बल्ले के बेहद पास से गुजर गई, जिसे विकेटकीपर संजू सैमसन ने लपक लिया. अर्शदीप सिंह ने इसके बाद कैच आउट की अपील कर दी. इस दौरान दासुन शनाका को बाई का रन चुराता देख संजू सैमसन ने उन्हें रन आउट कर दिया.
SUPER OVER में भारत के साथ हुआ था धोखा?
दूसरी तरफ अर्शदीप सिंह की अपील पर अंपायर गाजी सोहैल ने दासुन शनाका को कैच आउट दे दिया. दासुन शनाका इसके बाद DRS का सहारा लेते हुए बच गए. थर्ड अंपायर ने दासुन शनाका को नॉट आउट करार दे दिया. इसके बाद बवाल तब मचा जब दासुन शनाका का रन आउट रद्द कर दिया गया. थर्ड अंपायर के फैसले के बाद उस गेंद को Dead Ball करार दिया गया, जिसका फायदा दासुन शनाका को मिला और वह रन आउट होने से बच गए. इस घटना के बाद वर्ल्ड क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है. भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने समझाया है कि आखिर क्यों श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका को रन आउट करार नहीं दिया गया.
इरफान पठान ने समझाया बल्लेबाज को क्यों नहीं दिया गया रन आउट
सोशल मीडिया पर इस ड्रामे के बारे में बताते हुए भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा, ‘चूंकि दासुन शनाका को पहले कैच आउट दिया गया और फिर उन्होंने रिव्यू भी ले लिया, इसलिए गेंद को डेड करार दिया गया है. अंपायर गाजी सोहैल ने टीम इंडिया को अपनी बात समझाई. पहला फैसला बरकरार रहता है और जब गेंदबाज के छोर पर अंपायर द्वारा आउट दिया जाता है, तो गेंद डेड हो जाती है. यही कारण है कि दासुन शनाका रन आउट होने से बच गए.’ बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को एशिया कप 2025 का एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसका फैसला सुपर ओवर में हुआ. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 202 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम ने भी 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 202 रन ठोक दिए. इसी के साथ ही यह मैच टाई हो गया और यह मुकाबला सुपर ओवर में चला गया.
(@IrfanPathan) September 26, 2025
सुपर ओवर पूरी तरह से अर्शदीप सिंह के नाम
सुपर ओवर पूरी तरह से अर्शदीप सिंह के नाम रहा, जिन्होंने 5 गेंद में 2 रन देकर 2 विकेट लिए. सुपर ओवर में श्रीलंका की टीम केवल 2 रन ही बना पाई. भारत को सुपर ओवर में 3 रन का लक्ष्य मिला. इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वानिंदु हसरंगा की गेंद पर शॉट लगाकर 3 रन दौड़ लिए और भारत मैच जीत गया. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, ‘ऐसा लगा जैसे यह कोई फाइनल मैच हो. पहले हाफ के बाद दूसरे हाफ में लड़कों ने काफी जज्बा दिखाया. मैंने लड़कों से कहा कि अच्छी ताकत बनाए रखो और देखते हैं कि आखिर में हम कहां पहुंचते हैं. बल्ले से अच्छी शुरुआत और संजू व तिलक जैसे खिलाड़ियों को उस लय में खेलता देखकर अच्छा लगा. संजू जैसा बल्लेबाज भले ही ओपनिंग नहीं कर रहा है, लेकिन निचले क्रम में बैटिंग कर बड़ी जिम्मेदारी को निभा रहा है और तिलक का भी आत्मविश्वास देखकर अच्छा लगा.’