अशोकनगर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी मोनू केवट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़िता को महाराष्ट्र के पुणे ले गया था, जहां उसने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता की शिकायत पर देहात थाने में मामला दर्ज किया गया था। आरोप
.
8 अगस्त को फरियादी दिनेश केवट ने अपनी 17 वर्षीय बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद देहात थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन पुणे, महाराष्ट्र में मिली।
सूचना मिलने पर देहात थाना प्रभारी ने एक टीम पुणे भेजी। इस टीम ने पुणे के यवत थाना क्षेत्र के ग्राम बालकी से अपहृत नाबालिग को बरामद किया और संदेही मोनू केवट को हिरासत में लिया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी मोनू केवट उसे अपने साथ ले गया था और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। पीड़िता के बयान के आधार पर, प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 96, 64 (2एम), 64(2एफ), 127(4) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6, 5एन/6 जोड़ी गईं। इसके बाद आरोपी मोनू केवट को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा, सोनम यादव, सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र शर्मा, आरक्षक धर्मेंद्र राजावत, महिला आरक्षक संध्या रघुवंशी, साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, अभिजीत सिंह और आरक्षक प्रशांत भदौरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर अशोकनगर पुलिस महिला सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गुमशुदा बालक-बालिकाओं और महिलाओं की बरामदगी के लिए साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, ताकि उन्हें उनके परिवारों को सौंपा जा सके।