मंडला जिला चिकित्सालय में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत नौ दिनों में 75 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण अहरवाल और उनकी टीम ने 51 महिलाओं, 21 पुरुषों और 3 बच्चों सहित कुल 75 मरीजों की सर्जरी की।
.
अभियान के समापन समारोह में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मरीजों को चश्मे वितरित किए। इस अवसर पर डॉ. अहरवाल और उनकी टीम को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. अहरवाल को उनकी 22 वर्षीय चिकित्सीय सेवा में 50,000 से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन करने की उपलब्धि के लिए विशेष सम्मान मिला।
डॉक्टरों का सम्मान करते सांसद कुलस्ते।
सांसद कुलस्ते ने डॉ. अहरवाल की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा की एक मिसाल कायम की है। डॉ. अहरवाल ने सांसद के प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया और बताया कि मंडला सहित आसपास के 7-8 जिलों में उनकी सेवाओं ने मरीजों का विश्वास जीता है।
सांसद कुलस्ते ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू हुए ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत यह नेत्र शिविर गरीबों के कल्याण और विशेषकर महिलाओं के स्वास्थ्य पर केंद्रित रहा। उन्होंने जिला चिकित्सालय के स्टाफ, सिविल सर्जन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के योगदान की भी सराहना की।
इस अवसर पर टोटल हिप ट्रांसप्लांट के लिए डॉ. हेमेंद्र चौहान, डॉ. अविनाश खरे और उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।