मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार सुबह इंदौर चिड़ियाघर पहुंचे। रेसिडेंसी कोठी से सीधे वे चिड़ियाघर गए, जहां उन्होंने पक्षियों को दाना खिलाया और चिड़ियाघर में हाल ही में कर्नाटक से लाए गए जंगली भैंसों (बायसन) के दो जोड़ों का निरीक्षण भी किया।
.
इंदौर में कुछ वक्त बिताने के बाद सीएम यादव हरदा के लिए रवाना हो गए। बता दें कि वे रविवार रात इंदौर पहुंचे थे और रेसिडेंसी कोठी में रात्रि विश्राम किया। रात को उन्होंने अभिव्यक्ति गरबा सहित शहर के कई गरबा आयोजनों में हिस्सा लिया।
सोमवार सुबह सीएम मोहन यादव इंदौर के जू पहुंचे।
CM बोले- MP में पशु-पक्षियों के लिए असीम संभावनाएं
इंदौर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पशु-पक्षियों के संरक्षण और विकास की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, एक ओर नामीबिया से लाए गए चीते यहां की आबोहवा में प्रजनन कर रहे हैं, तो दूसरी ओर इंदौर चिड़ियाघर में बायसन और ऑस्ट्रिच जैसे प्राणी भी स्थानीय वातावरण में ढल रहे हैं। यह सब प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देगा।
सीएम ने इंदौर के गरबा आयोजन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इंदौर का गरबा एक अद्भुत संस्कृति बन गया है।

जू में उन्होंने पक्षियों का दाना खिलाया।
हरदा में RTE कार्यक्रम में करेंगे 489 करोड़ ट्रांसफर
चिड़ियाघर से निकलकर सीएम डॉ. यादव हरदा रवाना हो गए हैं। सोमवार को वे खिरकिया में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत 8.45 लाख बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए 489 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे।
ये राशि प्रदेश के 20,652 अशासकीय स्कूलों को सत्र 2023-24 की फीस प्रतिपूर्ति के तहत दी जाएगी। कार्यक्रम से पहले सिराली चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
त्योहारों में ‘स्वदेशी’ को बढ़ावा देने की अपील
इंदौर में सीएम डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों से अपील की कि,आगामी त्यौहारों में स्थानीय उत्पाद खरीदें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘स्वदेशी’ भावना को मजबूत करें। इससे स्थानीय कारोबारियों को सहारा मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।