कटनी जिले में देर शाम दो घंटे से अधिक तेज बारिश हुई। इससे कैमोर में रावण भीग गया और मैदान में भी पानी भर गया।
.
इधर, बरही में घरों में पानी भर गया। नालों की समय पर सफाई न होने के कारण नगर के वार्ड क्रमांक 1 सहित कई अन्य वार्डों में भारी जलभराव हो गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
बारिश का पानी कई मोहल्लों के घरों में घुस गया। पूर्व जनपद अध्यक्ष लालाजी मिश्रा के आवास सहित अन्य घरों में पानी भरने से घरेलू सामान, फर्नीचर, बिजली के उपकरण और रसोई की सामग्री खराब हो गई।
लोगों के घरों में भरा बारिश का पानी
स्थानीय प्रज्ञा वर्मा का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में ऐसी ही स्थिति बनती है, लेकिन नगर परिषद कोई ठोस कदम नहीं उठाती है।
जलभराव का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नगर परिषद बरही के ठेकेदार के अपने घर में भी पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में ठेकेदार के परिवार की महिलाएं और छोटे बच्चे थालियों और कटोरों से पानी निकालते हुए नजर आए।
नगर परिषद बरही के ठेकेदार के घर में भरा पानी।
भोजनालय तक में पानी घुस गया था। स्थानीय अंजू कोल ने कहा कि जब परिषद के ठेकेदार का परिवार ही इस स्थिति से जूझ रहा है, तो आम जनता की समस्या की गंभीरता को समझा जा सकता है।

लोगों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने भ्रष्टाचार किया और वर्षा जल निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण आज लोगों के घरों में पानी भर रहा है।
