आगर मालवा में बुधवार को महानवमी पर जिलेभर में विशेष हवन-पूजन और धार्मिक आयोजनों के साथ नवरात्र महोत्सव का समापन हुआ। शहर और ग्रामीण अंचल में विभिन्न समितियों और मंदिरों में आस्था और उल्लास का माहौल रहा।
.
नवमी के दिन सुबह से ही शहर के गरबा मंडलों व समितियों द्वारा कन्या भोज का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर माता प्रतिमाओं के समक्ष हवन-पूजन संपन्न हुआ। छावनी महामाया नवदुर्गा महोत्सव समिति द्वारा कन्या भोज के साथ हवन-पूजन किया गया।
बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने आकर्षक गरबा प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने पुरस्कृत किया। नगर की अन्य नवदुर्गा समितियों ने भी पारंपरिक ढंग से हवन-पूजन और कन्या भोज का आयोजन कर माता से आशीर्वाद लिया।
देखिए तस्वीरें

कालका माता और कालेश्वर धाम से निकली विसर्जन यात्रा
- कालका माता मंदिर: परंपरानुसार नवमी पर मां कालका की बाड़ी विसर्जन यात्रा निकाली गई। काशी बाई कॉलोनी स्थित माता मंदिर परिसर से जुलूस शुरू हुआ और विधि-विधान से हुआ।
- कालेश्वर धाम मंदिर (निपनिया बैजनाथ): यहां भी नवरात्र आरंभ से स्थापित की गई बाड़ी माता का विसर्जन जुलूस विधि-विधान से निकाला गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने नाग देवता से सुख-शांति की कामना की। बाड़ी माता का पूजन मंदिर के पुजारी कालेश्वर महाराज द्वारा संपन्न कराया गया।
देर रात तक चला प्रतिमा विसर्जन
विभिन्न समितियों द्वारा निकाले गए विसर्जन जुलूस कानड़ मार्ग स्थित परसुखेड़ी तालाब पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा यहां प्रतिमाओं के विसर्जन की विशेष व्यवस्था की गई थी। छोटी प्रतिमाओं को नाव के माध्यम से और बड़ी प्रतिमाओं को क्रेन की सहायता से तालाब में विसर्जित किया जा रहा है। विसर्जन का यह सिलसिला देर रात करीब 11 बजे तक जारी रहेगा।