बुरहानपुर पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोखंडिया गांव में दबिश दी और पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹2150 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
.
स्कूल के पीछे खेल रहे थे जुआ
यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस को सूचना मिली कि लोखंडिया गांव में स्कूल के पीछे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। थाना खकनार के प्रभारी को मुखबिर से यह जानकारी मिली थी। सूचना पक्की लगने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
जिले में जुआ और सट्टे की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसपी देवेंद्र पाटीदार ने सख्त निर्देश दिए थे। उन्हीं के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरसिंह कनेश और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), नेपानगर, निर्भयसिंह अलावा के मार्गदर्शन में पूरी योजना बनाई गई थी।
पकड़े गए पांचों आरोपी लोखंडिया गांव के ही निवासी हैं। इनकी पहचान कैलाश पिता पन्नालाल गोस्वामी, हरदास पिता कवरजी राठौर, दशरथ पिता मयाराम जाधव, रविंद्र पिता नवल पवार और गोकुल पिता मांगीलाल गोसाई के रूप में हुई। इन सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक जाधव, प्रधान आरक्षक मेलसिंह सोलंकी, सतीश सूर्यवंशी, आरक्षक सुनील धुर्वे, अजय अहिरवार और चालक आरक्षक रूपेश शर्मा की विशेष भूमिका रही।