Kuldeep Yadav vs Shai Hope: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज गुरुवार (2 अक्टूबर) को अहमदाबाद में शुरू हुई. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. इस मैच में करीब एक साल बाद स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को खेलने का मौका मिला. वह इंग्लैंड दौरे पर पांचों टेस्ट मैच के दौरान बेंच पर ही बैठे रहे थे. इस बार मैदान पर उतरते ही उन्होंने अपनी फिरकी का जादू दिखाया.
होप को कर दिया हैरान
कुलदीप ने वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज शाई होप का बड़ा विकेट लिया. होप गेंद की गति और टर्न को पूरी तरह से समझने में विफल रहे. उन्होंने सीधी गेंद के लिए बल्ला आगे बढ़ाया, लेकिन गेंद अंदर की तरफ घूमकर आई और उनके स्टंप्स बिखेर दिए. होप यह देखकर हैरान हो गए और बोल्ड होने के कुछ पल तक क्रीज पर ही खड़े रहे. वह यह समझने की कोशिश करते रहे कि कुलदीप पहले दिन की पिच पर गेंद को इतना ज्यादा टर्न कैसे करा पाए.
— Star Sports (@StarSportsIndia) October 2, 2025
ये भी पढ़ें: 256 रन… ब्रायन लारा के 400 से भी लंबा चलेगा दोहरे शतक का ये रिकॉर्ड! सचिन-सहवाग-गेल भी हो गए फेल
बाबर के विकेट की दिलाई याद
कुलदीप यादव ने कुछ इसी तरह की गेंद पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का विकेट लिया था. उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप के दौरान मैनचेस्टर में बाबर को क्लीन बोल्ड कर दिया था. तब बाबर भी शाई होप की तरह सीधी गेंद के लिए बल्ला आगे लेकर गए थे, लेकिन बॉल टर्न लेकर सीधे उनके स्टंप से जाकर लगी थी. कुलदीप के करियर की जब भी चर्चा होती है तो लोग बाबर के उस विकेट को जरूर याद करते हैं.
ये भी पढ़ें: WTC Scenarios: अगर वेस्टइंडीज से सीरीज हारा भारत तो क्या होगा? ऐसे हो जाएंगे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के सारे समीकरण
वेस्टइंडीज का शर्मनाक प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम पारी शुरू होते ही दबाव में आ गई. अनुशासित भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने लंच से पहले उसके 5 विकेट झटक लिए. शुरुआती सात बल्लेबाजों में सिर्फ जस्टिन ग्रीव्स ही 30 रन के पार पहुंच पाए. उन्होंने 32 रनों का योगदान दिया. शाई होप ने 26, कप्तान रोस्टन चेज ने 24, ब्रेंडन किंग ने 13 और एलिक अथानाजे ने 12 रन बनाए. जॉन कैंपबेल 8 रन बनाकर आउट हुए और तेजनारायण चंद्रपॉल खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए.