प्रदेश में विजयादशमी पर रावण दहन की भव्य तैयारी: भोपाल के छाेला दशहरा मैदान पर 79 साल की परंपरा, इंदौर-उज्जैन में देशप्रेम की झलक – Bhopal News

प्रदेश में विजयादशमी पर रावण दहन की भव्य तैयारी:  भोपाल के छाेला दशहरा मैदान पर 79 साल की परंपरा, इंदौर-उज्जैन में देशप्रेम की झलक – Bhopal News


पूरे प्रदेश में विजयादशमी की तैयारी की गई है।

प्रदेश में दशहरा उत्सव ऐतिहासिक होने जा रहा है। भोपाल समेत इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में दशहरे की तैयारियां जोरों पर है। 2 अक्टूबर को इन पांच बड़े शहरों में अलग-अलग रावण दहन किया जाएगा। भोपाल में रावण के पुतले की ऊंचाई 100 फीट से ज्यादा रखी गई है तो इ

.

भोपाल के छोला दशहरा मैदान में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। वहीं इंदौर में वे शस्त्र पूजन करेंगे।

पढ़िए रावण दहन को लेकर भोपाल, उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर में क्या है खास...

राजधानी भोपाल के कोलार, छोला, शाहजहांनाबाद, नेहरू नगर, करोंद, अवधपुरी, भेल, टीटी नगर, जहांगीराबाद, कलियासोत और एमपी नगर सहित कई स्थानों पर भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। लाखों लोग प्रत्यक्ष रूप से और करोड़ों लोग सोशल मीडिया व यूट्यूब पर रावण दहन देख सकेंगे।

कोलार में 105 फीट का रावण कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले तैयार किए गए हैं। पिछले 22 सालों से यह आयोजन हो रहा है। समिति सचिव रविन्द्र यति ने बताया कि राजस्थान से आए कलाकार 18 वर्षों से पुतलों का निर्माण कर रहे हैं।

छोला स्थित रावण दहन में हर साल शामिल होते हैं मुख्यमंत्री। तस्वीर बीते साल की।

छोला दशहरा – 79 साल की परंपरा पुराने शहर के छोला दशहरा मैदान में करीब 79 वर्षों से दशहरा महोत्सव मनाया जा रहा है। इस बार भी 51 फीट ऊंचा रावण और 45 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह निकलेगा और रात 8:30 बजे छोला मैदान पर रावण दहन होगा। इसमें नासिक ढोल पार्टी, पुलिस बैंड, अखाड़ा दल के करतब और नृत्य मंडलियों की प्रस्तुतियां रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है।

भोपाल दशहरा मैदान में रावण को खड़ा कर दिया गया है।

भोपाल दशहरा मैदान में रावण को खड़ा कर दिया गया है।

राजपूत समाज का शस्त्र पूजन और छात्रवृत्ति वितरण मप्र राजपूत समाज 2 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे चार इमली स्थित महाराणा प्रताप भवन में शस्त्र पूजन और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करेगा। इसमें पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विधायक अजय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। समाज के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति और सम्मान दिया जाएगा।

जगह-जगह होगी आतिशबाजी भी।

जगह-जगह होगी आतिशबाजी भी।

शाहजहांनाबाद में शोभायात्रा और 25 फीट का रावण रामनगर कॉलोनी, शाहजहांनाबाद में शाम 4 बजे से शोभायात्रा निकलेगी जिसमें राम-सीता की झांकी, अशोक वाटिका और विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके बाद 25 फीट ऊंचे रावण का दहन ठक्कर बाबा कॉलोनी मैदान में होगा।

एमपी नगर में जलेगा ‘नशासुर’ गायत्री शक्तिपीठ, एमपी नगर में सुबह 8 बजे से 24 कुंडीय यज्ञ होगा। यहां शराब, सिगरेट और नशे से जुड़े दस व्यसनों को प्रतीकात्मक रूप से दिखाने वाला ‘नशासुर’ पुतला जलाया जाएगा। इस अवसर पर नशा मुक्ति प्रदर्शनी भी लगेगी। वहीं खुशीलाल मैदान, नेहरू नगर में भी रावण दहन और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन और समिति ने तैयारियों का निरीक्षण कर लिया है।

देखिए अन्य शहरों में रावण दहन की तैयारियां

इंदौर: दशहरा मैदान और चिमनबाग पर 111 फीट का रावण

चिमनबाग मैदान पर 111 फीट का रावण।

चिमनबाग मैदान पर 111 फीट का रावण।

दशहरा महोत्सव समिति द्वारा इंदौर के दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। यहां 250 फीट की लंका तैयार की गई है। समिति के संयोजक सत्यनारायण सलवाडिया व समिति के अध्यक्ष पिंटू जोशी ने बताया कि दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचा रावण तैयार हो गया है। रावण दहन के पहले प्रताप चौराहा से दशहरा मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें रामजी और हनुमानजी के वेश में युवा शामिल होंगे। रावण दहन से पहले राम-रावण युद्ध होगा उसके बाद आतिशबाजी होगी।

खेमा इंडस्ट्रीज पिछले 50 साल से ज्यादा समय से यहां नि:शुल्क आतिशबाजी करती आ रही है। वहीं इंदौर दशहरा उत्सव समिति चिमनबाग मैदान पर 111 फीट के रा‌वण का दहन होगा। एकता सहयोग समिति के अध्यक्ष पंडित कपिल तिवारी, आयोजक लव मीणा ने बताया कि उषागंज हाई स्कूल मैदान पर 25 फीट लंबा 16 फीट चौड़ा जटायु 51 फीट ऊंचे रावण से युद्ध करेगा।

वहीं बोयत श्री मित्र मंडल द्वारा छावनी नंबर 2 मैदान में 2 अक्टूबर शाम 7 बजे विजयादशमी के अवसर पर विशाल रावण दहन एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। रावण का पुतला लगभग 121 फुट ऊंचा होगा। मुख्य अतिथि हिन्दू वीर टी. राजा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे।

उज्जैन: पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर की झलक

इस तरह से रावण को ब्रम्होस मिसाइल से जलाया जाएगा।

इस तरह से रावण को ब्रम्होस मिसाइल से जलाया जाएगा।

उज्जैन के दशहरा मैदान पर इस बार रावण दहन के आयोजन में पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर की झलक देखने को मिलेगी। 101 फीट रावण का वध भी ब्रह्मोस मिसाइल से होगा। रावण के हाथ में बड़ी AK-47 गन दिखाई देगी और रावण का स्वरूप आतंकवादी की तरह होगा।

दशहरा महोत्सव के बारे में आयोजन सामिति के प्रमुख शिवा खत्री ने बताया कि 2 अक्टूबर गुरुवार की शाम को आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में इस बार रावण के स्वरूप को पहलगाम की दर्दनाक घटना को मद्देनजर रखते हुए बनाया गया है। रावण की आतंकी शैली का यह पुतला प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहेगा।

रावण को उज्जैन के कलाकार रामलखन और उनकी 8 सदस्य टीम ने मिलकर करीब 20 दिन में बनाया है। खास बात ये की रतलाम का रावण भी उज्जैन में ही बना है। प्रतिवर्ष की तरह आतिशबाजी के कलाकार देवास के रशीद खान, ग्वालियर के सीताराम एवं अन्य स्थानों के कलाकारों द्वारा की जाएगी।

ग्वालियर: फूलबाग पर रावण दहन का सबसे बड़ा आयोजन

रावण के पुतले तैयार होते हुए।

रावण के पुतले तैयार होते हुए।

ग्वालियर में तीन स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। शहर में सबसे बड़े रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतले फूलबाग के ऐतिहासिक मैदान पर जलाएं जाएंगे। यहां 60 फीट का रावण और 55 और 50 फीट के मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा।

थाटीपुर दशहरा मैदान, डीडी नगर रामलीला मैदान में रावण दहन किया जाएगा।फूलबाग पर पिछले 15 दिन से 20 कारीगर लगातार पुतलों का निर्माण कर रहे हैं।

दशहरा के मौके पर हजारों की संख्या में लोग पुतला दहन देखने के लिए फूलबाग मैदान पहुंचते हैं। ग्वालियर में तीन स्पॉट पर रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। सबसे पुराना रावण दहन फूलबाग पर होगा। यहां 79 वर्ष से रावण दहन होता चला आ रहा है।

यह आयोजन पहले छत्री मैदान पर होता था, पर अब फूलबाग पर होता है। शहर के ह्रदय स्थल फूलबाग पर 60 फीट का रावण, 55-50 फीट के मेघनाथ-कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।



Source link