पापांकुशा एकादशी पर बाबा श्याम का फूलों से श्रृंगार: हजारों भक्तों ने की आरती, सुबह से रात तक दर्शन के लिए लगी रही भीड़ – Barwani News

पापांकुशा एकादशी पर बाबा श्याम का फूलों से श्रृंगार:  हजारों भक्तों ने की आरती, सुबह से रात तक दर्शन के लिए लगी रही भीड़ – Barwani News


बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में पापांकुशा एकादशी के अवसर पर श्याम मंदिर में हजारों भक्तों ने दर्शन किए। शुक्रवार को सुबह से देर रात तक लोग मंदिर पहुंचे।

.

आसपास के नगरों और गांवों से बड़ी संख्या में भक्त निशान लेकर पहुंचे। महिला श्रद्धालुओं ने समूह में श्याम बाबा के भजन गाए और नृत्य किया। सैकड़ों भक्तों ने लाल कपड़े में नारियल बांधकर अर्जी लगाई और उन्हें मंदिर परिसर में बांधा।

पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्याम बाबा, पशुपतिनाथ महादेव, श्री सालासर बालाजी, श्रीराम और श्रीकृष्ण दरबार का पूजन-अर्चन किया। सेवादारों ने श्याम बाबा और अन्य देवी-देवताओं का विभिन्न प्रकार के फूलों से श्रृंगार किया, उन्हें आकर्षक वस्त्र पहनाए और छत्र और कुंडल से सुसज्जित किया।

सुबह मंगला आरती की गई, जिसके बाद सुबह 10:30 बजे और शाम 8:15 बजे भोग लगाकर भोग आरती की गई। शाम 7:30 बजे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संगीत के साथ महाआरती संपन्न हुई।

इसके बाद श्याम एकादशी प्रसादी ग्रुप की ओर से फलाहारी मिक्सचर, मिठाई और विभिन्न प्रकार के फलों की प्रसादी वितरित की गई। मंदिर प्रांगण में श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। ज्योत प्रज्वलित कर गाय के घी और सूखे खोपरे की आहुतियां प्रदान की गईं।

मंदिर के पंडितों के अनुसार, अश्विन मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली पापांकुशा एकादशी पर भगवान विष्णु और उनके सभी अवतारों का ध्यान व पूजा-अर्चना करने से सभी पापों का नाश होता है। इस व्रत से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है।



Source link