Last Updated:
Singrauli Viral Video: बच्चे ने पुलिस को फोन कर अपनी मां और बहन की शिकायत की. शिकायत सुन एक बार के लिए पुलिसवाले भी चौंक गए. जिसके बाद पुलिस कुरकुरे का पैकेट लेकर बच्चे के घर पहुंच गई.
सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली (Singrauli News) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक 10 साल के मासूम बच्चे ने पुलिस को इमरजेंसी नंबर पर फोन करके ऐसी शिकायत की है, जिसे सुनकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे लेकिन फिर बच्चे की पूरी बात सुनकर मुस्कुराएंगे भी जरूर. दरअसल बच्चे ने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल लगाते हुए पुलिस से कहा कि उसकी मां और बहन ने उसे रस्सी से बांधकर पीटा है. वजह बताई की उसने कुरकुरे के लिए 20 रुपये मांगे थे.
शिकायत सुनकर चौंके पुलिसकर्मी
वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि बच्चा फोन पर कहता है कि मां और बहन ने मिलकर उसे मारा है, आप आ रहे है न. पुलिसकर्मी ने जब वजह पूछी, तो उसने मासूमियत से बताया कि कुरकुरे के लिए मांगे 20 रुपये नहीं मिले और उल्टा उसे पीट दिया गया. यह सुनकर पुलिसकर्मी भी पहले हंसे, फिर बच्चे की मासूम जिद को समझते हुए तुरंत लोकेशन ट्रेस की और गाड़ी लेकर गांव की ओर रवाना हो गए.
कुरकुरे लेकर पहुंचे प्रधान आरक्षक
शिकायत पर प्रधान आरक्षक उमेश विश्वकर्मा खुद बच्चे के घर कुरकुरे का पैकेट लेकर पहुंचे. उन्होंने वह कुरकुरे का पैकेट बच्चे को थमा दिया. बच्चे की खुशी देखते ही बन रही थी. परिवारजन भी इस पर चौंक गए कि पुलिसकर्मी इस तरह से कुरकुरे लेकर पहुंच जाएंगे. हालांकि उमेश विश्वकर्मा ने बच्चे के माता-पिता को समझाइश भी दी. उन्होंने कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी इच्छाएं उनके लिए बहुत बड़ी होती हैं, इसलिए उन्हें गुस्से की जगह प्यार से संभालना चाहिए.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ, लोग इसे देखते ही शेयर करने लगे. फेसबुक और व्हाट्सएप से लेकर इंस्टाग्राम तक हर जगह यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है. कई यूजर्स ने इसे दिल छू लेने वाली घटना बताया और लिखा कि अगर हर पुलिसकर्मी इतना संवेदनशील हो, तो बच्चों को कभी पुलिस से डर नहीं लगेगा. वहीं कुछ ने इसे बच्चे की मासूमियत और पुलिस की दरियादिली का बेहतरीन उदाहरण बताया.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.