इस तरह पूरा होगा अपने घर का सपना, जल्दी करें आवेदन, ये दस्तावेज जरूरी

इस तरह पूरा होगा अपने घर का सपना, जल्दी करें आवेदन, ये दस्तावेज जरूरी


रीवा. केंद्र सरकार की पीएम आवास योजना 2.0 (PM Awas Yojana 2.0) जनवरी 2025 में शुरू हुई थी. इसके तहत किन लोगों को पक्का मकान मिलेगा और क्या दस्तावेज जरूरी है, आइए जानते हैं इसके बारे में. दरअसल आज के दौर में हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके पास अपना एक पक्का मकान हो. यही सपना अब हकीकत में बदल रहा है प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के जरिए. यह योजना जनवरी 2025 से लागू है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को घर बनाने या खरीदने के लिए सरकार सब्सिडी और ऋण की सुविधा दे रही है.

रीवा नगर निगम आयुक्त संजय सौरभ सोनवणे ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि इस योजना को तीन आय वर्गों में बांटा गया है, जिसमे EWS आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, LIG लोअर इनकम ग्रुप और MIG मिडिल इनकम ग्रुप शामिल हैं. EWS श्रेणी में वे लोग आते हैं, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है. LIG के अंतर्गत वे परिवार आते हैं, जिनकी आय 6 लाख रुपये तक है. वहीं MIG श्रेणी में 9 लाख रुपये तक सालाना आय वाले लोग शामिल हैं.

ब्याज पर सब्सिडी
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र आवेदकों को ब्याज पर सब्सिडी का लाभ भी मिलता है. आयुक्त ने बताया कि यह योजना विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो अपने पहले घर का सपना देख रहे हैं. इस योजना के तहत अधिकतम ₹1.80 लाख की ब्याज सब्सिडी दी जाती है. यह सब्सिडी 4 फीसदी की दर से पहले ₹8 लाख तक के ऋण पर लागू होती है. सब्सिडी की राशि लाभार्थी के लोन खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से पांच वार्षिक किश्तों में जमा होती है.

कैसे करें आवेदन?
आवेदन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है. ऑनलाइन आवेदन के लिए https://pmay-urban.gov.in](https://pmay-urban.gov.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है. ऑफलाइन आवेदन के लिए राज्य सरकार के शहरी निकाय कार्यालय, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या किसी भी अधिकृत बैंक शाखा से आवेदन किया जा सकता है. अभी ऑनलाइन आवेदन शुरू हैं.

जरूरी दस्तावेज
आधार कार्ड
पहचान पत्र (पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस)
पता प्रमाण (वोटर आईडी, बिजली/पानी बिल)
आय प्रमाण (बैंक स्टेटमेंट, ITR, फॉर्म 16)
संपत्ति दस्तावेज (आवंटन पत्र, एग्रीमेंट कॉपी)
बैंक खाता विवरण
स्व-प्रमाणपत्र कि आवेदक के नाम कोई पक्का घर नहीं है.

प्रॉपर्टी की वैल्यू भी सीमित
इस योजना का लाभ लेने के लिए यह भी जरूरी है कि जिस प्रॉपर्टी के लिए आवेदन किया जा रहा है, उसकी कुल कीमत ₹25 लाख से ज्यादा न हो.

पीएम आवास योजना 2.0 उन लाखों परिवारों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो किराये के मकानों या अस्थायी झोपड़ियों में रह रहे हैं. यदि आप भी अपने सपनों का घर लेना चाहते हैं, तो यह योजना आपके लिए बड़ा सहारा बन सकती है.



Source link